2014 से मोदी सरकार ने मीडिया विज्ञापन पर खर्च किए 6400 करोड़ रुपए, लोकसभा में सरकार ने दिए आंकड़े

चेहरा चमकाने में मोदी सरकार ने फूंक दिए हजारों करोड़ रुपए, प्रिंट मीडिया में विज्ञापन के लिए 3,138.81 करोड़ रुपये खर्च किए, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया को कुल 3,260.79 करोड़ रुपये दिया गया।

Updated: Dec 14, 2022, 05:11 AM IST

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीते दिनों दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर तंज कसते हुए कहा था कि हम भी विज्ञापनों पर अपना चेहरा चमका सकते थे, लेकिन हमने नहीं किया। हालांकि लोकसभा में सरकार ने जो आंकड़े प्रस्तुत किए वो हैरान करने वाले हैं। केंद्र सरकार ने बीते 8 साल में करीब 6400 करोड़ रुपए मीडिया विज्ञापन में खर्च कर दिए। इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि चेहरा चमकाने में पीएम मोदी केजरीवाल से भी आगे निकल गए।

सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने लोकसभा में समाचार पत्रों और टीवी चैनलों में विज्ञापनों पर खर्च हुए रुपयों का ब्यौरा दिया। ठाकुर द्वारा पेश किये गए आंकड़ों के अनुसार, साल 2014-15 से सात दिसंबर 2022 तक प्रिंट मीडिया के माध्यम से विज्ञापनों पर 3138.81 करोड़ रुपए खर्च किए गए जबकि इस अवधि में इलेक्ट्रानिक मीडिया के माध्यम से विज्ञापन पर 3260.79 करोड़ रुपए खर्च हुए।

यह भी पढ़ें: राजस्थान में भारत जोड़ो यात्रा का 10वां दिन, राहुल गांधी के साथ कदमताल करते दिखे रघुराम राजन

पिछले 8 साल में खर्च किए गए इन पैसों का कुल जोड़ लगभग 6400 करोड़ रुपये है। यानी हर साल औसतन 800 करोड़ रुपये टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया के विज्ञापनों पर खर्च किए जा रहे हैं। अनुराग ठाकुर ने यह भी बताया है कि सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने विदेशी मीडिया में विज्ञापन देने के लिए कोई खर्च नहीं किया है।

सरकार द्वारा उपलब्ध कराये गये आंकड़ों के अनुसार केंद्रीय संचार ब्यूरो (CBC) के माध्यम से साल 2014-15 में प्रिंट मीडिया पर विज्ञापन में 424.84 करोड़ रुपए और इलेक्ट्रानिक मीडिया पर विज्ञापन में 473.67 करोड़ रुपए, वर्ष 2015-16 में प्रिंट मीडिया पर 508.22 करोड़ रुपए और इलेक्ट्रानिक मीडिया पर 531.60 करोड़ रूपये खर्च किए गए। इसी प्रकार साल 2016-17 में प्रिंट मीडिया पर 468.53 करोड़ रुपए और इलेक्ट्रानिक मीडिया पर 609.60 करोड़ रुपए, वर्ष 2017-18 में प्रिंट मीडिया पर 636.09 करोड़ रुपए और इलेक्ट्रानिक मीडिया पर 514.28 करोड़ रुपए खर्च हुए। 

सरकारी आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2018-19 में प्रिंट मीडिया पर 429.55 करोड़ रुपए और इलेक्ट्रानिक मीडिया पर 514.28 करोड़ रुपए, वर्ष 2019-20 में प्रिंट मीडिया पर 295.05 करोड़ रुपए और इलेक्ट्रानिक मीडिया पर 317.11 करोड़ रुपए, साल 2020-21 में प्रिंट मीडिया पर 197.49 करोड़ रुपए और इलेक्ट्रानिक मीडिया पर 167.98 करोड़ रुपए तथा वर्ष 2021-22 में प्रिंट मीडिया पर 179.04 करोड़ रुपए और इलेक्ट्रानिक मीडिया पर 101.24 करोड़ रुपए खर्च हुए। 2022-23 में सात दिसंबर 2022 तक प्रिंट मीडिया पर विज्ञापन में 91.96 करोड़ रुपए और इलेक्ट्रानिक मीडिया पर 76.84 करोड़ खर्च हुए हैं।