भारत की नागरिकता छोड़ने वाले लोगों में रिकॉर्ड इज़ाफ़ा, पिछले वर्ष दो लाख से अधिक रही नागरिकता छोड़ने वालों की संख्या

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने राज्यसभा में 2011 से लेकर 2023 तक नागरिकता छोड़ने वाले लोगों की संख्या का ब्यौरा पेश किया, जिसमें अकेले पिछले वर्ष करीब सवा दो लाख लोगों ने भारतीय नागरिकता को त्याग दिया

Publish: Feb 10, 2023, 02:25 AM IST

नई दिल्ली। एक तरफ़ प्रधानमंत्री मोदी अपने कार्यकाल का गुणगान करते नहीं थक रहे तो वहीं दूसरी तरफ़ ख़ुद उनके कार्यकाल में हर वर्ष लाखों नागरिक भारत की नागरिकता को छोड़ रहे हैं। पिछले साल भारत के करीब सवा दो लाख लोगों ने देश की नागरिकता को त्याग दिया। यह जानकारी ख़ुद विदेश मंत्री एस जयशंकर ने राज्यसभा में दी। 

एस जयशंकर ने बीते कुछ वर्षों में भारत की नागरिकता छोड़ अन्य देशों की नागरिकता हासिल करने वाले लोगों का लेखा जोखा पेश किया। जिसके मुताबिक 2022 में कुल दो लाख 25 हजार 560 लोगों ने भारत की नागरिकता से किनारा कर लिया और अन्य देशों की नागरिकता हासिल कर ली। 

मोदी सरकार के कार्यकाल में हर साल एक लाख से अधिक भारतीय अपने देश की नागरिकता छोड़ रहे हैं। सिर्फ 2020 में नागरिकता त्यागने का यह आंकड़ा एक लाख से कम था। नागरिकता त्याने के इस कम आंकड़े के पीछे कोरोना महामारी को बड़ी वजह माना जा रहा है। 

बहरहाल एस जयशंकर ने राज्यसभा में जो आंकड़ा पेश किया उसके मुताबिक पिछले बारह वर्षों, यानी 2011 से 2023 के दौरान 16 लाख से अधिक लोगों ने भारत की नागरिकता त्याग दी। 2015 में एक लाख 31 हज़ार 489 लोगों ने भारत की नागरिकता छोड़ी थी। वहीं 2016 में नागरिकता छोड़ने वाले लोगों की संख्या एक लाख 41 हजार 603 रही। 

इसके अलावा 2017 में यह आंकड़ा एक लाख 33 हजार और 49 लोगों का था। वहीं 2018 में एक लाख 34 हजार 561 लोगों ने अन्य देशों की नागरिकता हासिल कर ली। 2019 में एक लाख 44 हजार से अधिक लोगों ने नागरिकता से किनारा कर लिया।

हालांकि 2020 में यह संख्या कम रही और 85,256 लोगों ने ही नागरिकता को छोड़ा। लेकिन जैसे ही दुनिया भर में कोरोना की रफ्तार धीमी हुई वैसे ही भारत की नागरिकता छोड़ने वालों की संख्या में भी बड़ा इजाफा आया। 2021 में एक लाख 63 हजार 370 लोगों ने नागरिकता छोड़ दी। एस जयशंकर के मुताबिक 2011 से लेकर अब तक 16 लाख 63 हजार 440 लोगों ने भारत की नागरिकता को छोड़ा है और 135 देशों की नागरिकता को हासिल किया है।