अमेरिका ने भारतीय चुनाव में हस्तक्षेप संबंधी रूसी आरोपों को किया खारिज, कहा- भारत की जनता निर्णय करेगी

अमेरिकी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता मैथ्यू मिलर ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि हम न ही भारत में जारी चुनावों में शामिल हैं और न ही दुनिया में कहीं भी होने वाले चुनाव में। भारत की जनता निर्णय करेगी।

Updated: May 10, 2024, 01:28 PM IST

भारत में हो रहे लोकसभा चुनाव में हस्तक्षेप के आरोपों पर अमेरिका ने सफाई दी है। अमेरिका ने रूस के इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है कि वह भारत में हो रहे चुनावों में हस्तक्षेप कर रहा है। अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता मैथ्यू मिलर ने कहा कि हम भारत के लोकसभा चुनावों में बिलकुल भी शामिल नहीं है, क्योंकि हम दुनिया में कहीं भी चुनावों में हस्तक्षेप नहीं करते हैं। अमेरिकी प्रवक्ता ने कहा कि चुनाव पर फैसला भारत की जनता को लेना है।

दरअसल, रूसी विदेश मंत्रालय ने दावा किया था कि अमेरिका भारत के चुनावों में हस्तक्षेप कर रहा है। इसके साथ ही रूसी विदेश मंत्रालय ने भारत और अन्य देशों के खिलाफ धार्मिक स्वतंत्रता के उल्लंघन के संबंध निराधार आरोप लगाने को लेकर भी अमेरिका की आलोचना की थी। भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी एक इंटरव्यू में कहा था कि विदेशों से चुनाव में हस्तक्षेप की कोशिश हो रही है लेकिन वे सफल नहीं होंगे। हालांकि, उन्होंने किसी देश का नाम नहीं लिया था।

अमेरिकी अखबार वॉशिंगटन पोस्ट की एक रिपोर्ट के हवाला देते हुए मॉस्को में रूसी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया जखारोवा ने पत्रकारों से इसे अमेरिका की औपनिवेशिक मानसिकता बताया। वाशिंगटन पोस्ट ने अपनी एक रिपोर्ट में दावा किया है कि भारत रूस और सऊदी अरब जैसी नीतियों को अपनाने की कोशिश कर रहा है। रूसी प्रवक्ता ने कहा कि अमेरिका आम संसदीय चुनावों को जटिल बनाने के लिए भारत की आंतरिक राजनीतिक स्थिति को असंतुलित करने का प्रयास कर रहा है। यह भारत के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप करने का तरीका है।