बिहार में महागठबंधन की सीटों का बंटवारा, RJD-26, कांग्रेस- 9 और लेफ्ट- 5 सीटों पर लड़ेगी चुनाव

पटना में आरजेडी ऑफिस में जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस में सीट शेयरिंग का ऐलान किया गया। RJD 26 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जबकि कांग्रेस को 9 और लेफ्ट को 5 सीटें मिली हैं।

Updated: Mar 29, 2024, 02:43 PM IST

पटना। बिहार में महागठबंधन की सीटों का बंटवारा हो गया है। पटना में आरजेडी ऑफिस में जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसका ऐलान किया गया। इसके मुताबिक RJD 26 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जबकि कांग्रेस को 9 और लेफ्ट को 5 सीटें मिली हैं। लेफ्ट की पांच सीटों में से माले 3, CPI बेगूसराय और CPM खगड़िया से चुनाव लड़ेगी।

पूर्णिया सीट अब आरजेडी के खाते में है। इस सीट को लेकर सबसे विवाद था। पप्पू यादव यहां से टिकट मांग रहे थे। लेकिन अब उनका पत्ता कटता दिख रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक जदयू से RJD में आईं बीमा भारती इस सीट पर महागठबंधन की उम्मीदवार होंगी। पिछली लोकसभा चुनाव में लालू की पार्टी RJD 19 और कांग्रेस 9 सीटों पर चुनाव लड़ी थी। लेफ्ट ने अलग होकर 6 सीटों पर अपने उम्मीदवार खड़े किए थे।

दिल्ली में राजद और कांग्रेस नेताओं के बीच 3 दिनों तक मंथन के बाद नियम और शर्तों के साथ फॉर्मूला तय हुआ है। अब भी तेजस्वी यादव दिल्ली में हैं। पटना में RJD दफ्तर में RJD के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह, RJD नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी, श्याम रजक, उदय नारायण चौधरी और लेफ्ट पार्टियों से धीरेंद्र झा, राम नरेश पांडेय मौजूद थे।