MP Elections 2023: दिल्ली में कांग्रेस चुनाव समिति की बैठक, 86 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम पर मंथन

मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने अपने 144 उम्मीदवारों की पहली सूची रविवार को जारी कर दी है। शेष 86 सीटों पर प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया जारी है।

Updated: Oct 18, 2023, 03:31 PM IST

नई दिल्ली। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए दिल्ली में कांग्रेस की सेंट्रल इलेक्शन कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक हो रही है। कांग्रेस मुख्यालय में हो रही इस बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी, केसी वेणुगोपाल, पीसीसी चीफ कमलनाथ प्रदेश प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला सहित तमाम पदाधिकारी मौजूद हैं।

रिपोर्ट्स के मुताबिक केंद्रीय चुनाव समिति की इस बैठक में मध्य प्रदेश की बाकी 86 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम फाइनल हो सकते हैं। कांग्रेस ने 15 अक्टूबर को अपनी पहली सूची में 144 उम्मीदवार घोषित किए थे। शेष 86 सीटों पर चयन प्रक्रिया जारी है। माना जा रहा है कि उनके नामों पर फाइनल मोहर लग जाएगी और गुरुवार को प्रत्याशियों की घोषणा की जा सकती है।

यह भी पढ़ें: MP Election: दिल्ली में देर रात तक चली BJP कोर ग्रुप की बैठक, बची हुई 94 सीटों पर नाम तय

कांग्रेस द्वारा 15 अक्टूबर को उम्मीदवारों की पहली सूची जारी करने के बाद कई जगहों पर विरोध भी देखने को मिला था। ऐसे में कुछ सीटों पर पुनर्विचार की भी संभावना है। बताया जा रहा है कि पार्टी कोलारस के विधायक वीरेंद्र रघुवंशी की दावेदारी कर विचार कर सकती है। भाजपा विधायक रघुवंशी ने हाल ही में कांग्रेस ज्वाइन की थी। हालांकि, कांग्रेस पार्टी से टिकट नहीं दिया। रघुवंशी समर्थक इसका विरोध कर रहे हैं।