MP Election: दिल्ली में देर रात तक चली BJP कोर ग्रुप की बैठक, बची हुई 94 सीटों पर नाम तय

भाजपा मध्य प्रदेश विधानसभा की कुल 230 सीटों में से 136 पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है। सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक में कोर ग्रुप ने प्रदेश की बची हुई 94 विधानसभा सीटों पर चर्चा की।

Updated: Oct 18, 2023, 10:01 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर मंगलवार को दिल्ली में भाजपा की कोर ग्रुप की बैठक हुई। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के आवास पर हुई यह बैठक करीब छह घंटे तक चली। सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक में कोर ग्रुप ने मध्य प्रदेश की बची हुई 94 विधानसभा सीटों पर चर्चा की। लगभग बची हुई सभी सीटों पर उम्मीदवारों के नामों को अंतिम रूप दे दिया गया है। बुधवार देर शाम उम्मीदवारों का ऐलान किया जा सकता है। 

मंगलवार को देर रात तक हुई भाजपा कोर ग्रुप की बैठक में नड्डा के अलावा बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के संगठन महामंत्री बीएल संतोष, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, केंद्रीय मंत्री और प्रदेश प्रभारी भूपेंद्र यादव, सह-प्रभारी अश्विनी वैश्वण, केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय और संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा मौजूद थे।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार बैठक में 20 के करीब विधायकों के टिकट पर सहमति नहीं बन पाई है। वहीं, तीन मंत्रियों के टिकट पर भी संकट है। ऐसे में 20 विधायकों के स्थान पर नए चेहरों को मौका दिया जा सकता है। बताया जा रहा है कि पार्टी दो बार में प्रत्याशी घोषित करेगी। भाजपा मध्य प्रदेश विधानसभा की कुल 230 सीटों में से 136 पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है। बची हुई 94 विधानसभा सीटों पर मंगलवार को कोर ग्रुप की बैठक में चर्चा हुई अब केंद्रीय चुनाव समिति इसपर अंतिम मुहर लगाएगी।

मध्य प्रदेश की सभी 230 विधानसभा सीटों पर 17 नवंबर को एक चरण में चुनाव होना है। अब चुनाव में एक महीने से भी कम का समय बचा है। 21 अक्तूबर को नामांकन की अधिसूचना जारी हो जाएगी। राज्य में चुनाव जीतने के लिए भाजपा तरह-तरह के हथकंडे अपना रही  है। पार्टी ने इस बार अपने तीन केंद्रीय मंत्री समेत सात सांसदों को विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी बनाया है।