NEET-UG 2026 परीक्षा रद्द, 23 लाख छात्रों ने परीक्षा दी थी, CBI करेगी पेपर लीक की जांच

NTA ने 3 मई को हुई NEET 2026 परीक्षा रद्द कर दी है। परीक्षा की नई डेट्स जल्‍द जारी की जाएंगी। NTA ने कहा है कि केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद परीक्षा रद्द की गई है।

Updated: May 12, 2026, 01:22 PM IST

नई दिल्ली। NEET-UG 2026 परीक्षा को लेकर बड़ा और अहम फैसला लिया गया है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने 3 मई 2026 को आयोजित परीक्षा को रद्द करने का ऐलान किया है। एजेंसी ने यह निर्णय केंद्र सरकार की मंजूरी और केंद्रीय जांच एजेंसियों से मिले इनपुट के आधार पर लिया है, ताकि परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता और विश्वसनीयता को बनाए रखा जा सके।

NTA ने कहा कि जांच के दौरान सामने आए तथ्यों और कानून प्रवर्तन एजेंसियों की रिपोर्ट से यह स्पष्ट हुआ कि मौजूदा परीक्षा प्रक्रिया को जारी रखना उचित नहीं होगा। ऐसे में अब NEET-UG 2026 की परीक्षा दोबारा आयोजित की जाएगी। नई परीक्षा तारीखों और एडमिट कार्ड से जुड़ा शेड्यूल जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट के जरिए जारी किया जाएगा।

इस पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए केंद्र सरकार ने इसे केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंपने का निर्णय लिया है। एजेंसी ने कहा है कि वह CBI को हर तरह का सहयोग देगी और जांच के लिए जरूरी सभी दस्तावेज और रिकॉर्ड उपलब्ध कराएगी। NTA ने यह भी साफ किया कि यह फैसला छात्रों के हित को ध्यान में रखकर लिया गया है। परीक्षा रद्द होने से छात्रों और उनके परिवारों को होने वाली परेशानियों को एजेंसी ने स्वीकार किया, लेकिन कहा कि लंबे समय तक भरोसा कायम रखना इससे ज्यादा जरूरी है।

छात्रों के लिए राहत की बात यह है कि उन्हें दोबारा रजिस्ट्रेशन नहीं करना होगा। मई 2026 परीक्षा चक्र का पूरा डेटा जिसमें उम्मीदवारों की जानकारी और चुने गए परीक्षा केंद्र शामिल हैं, जैसे का तैसा रखा जाएगा। इसके अलावा, किसी भी तरह की अतिरिक्त फीस नहीं ली जाएगी और पहले से जमा परीक्षा शुल्क वापस किया जाएगा।