गिरिराज सिंह के अफ़सरों की पिटाई वाले बयान से नीतीश नाराज़, ऐसे शब्दों के इस्तेमाल पर जताया एतराज़
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने काम न होने पर अफ़सरों को बांस से पीटने की सलाह दी है, आरजेडी ने पूछा बिहार में सरकार है या महाजंगलराज?

पटना। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के बयान पर बिहार का सियासी पारा चढ़ा हुआ है। विपक्षी पार्टियों के साथ साथ अब बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी उनके विवादस्पद बयान पर नाराज़गी जाहिर की है। नीतीश कुमार ने गिरिराज सिंह के बयान पर कहा है कि पिटाई शब्द कहां तक उचित है?
नीतीश कुमार से आज जब पत्रकारों ने गिरिराज सिंह के अधिकारियों की पिटाई वाले बयान पर सवाल पूछा तो मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आप उन्हीं से पूछिए। नीतीश ने कहा, "पिटाई शब्द बोलना कहीं से भी न्यायोचित है? उचित शब्द है? ये उन्हीं से पूछिए।"
बिहार में सरकार चल रही है महाजंगलराज : आरजेडी
राज्य की प्रमुख विपक्षी पार्टी राष्ट्रीय जनता दल ने गिरिराज सिंह के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया जाहिर की है।आरजेडी ने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा है, 'एक तरफ नीतीश कुमार जी युवाओं से कहते हैं कि सरकार या अधिकारी का विरोध करोगे, धरने पर बैठोगे या सोशल मीडिया पर लिखोगे तो जेल भेज देंगे, नौकरी नहीं लेने देंगे! दूसरी तरफ सनकी गिरिराज सिंह कहते हैं अधिकारियों को बाँस उठाकर मारो।यह सरकार चल रही है या महाजंगलराज चल रहा है?'
दरअसल गिरिराज सिंह ने शनिवार को बेगूसराय में एक कार्यक्रम के दौरान लोगों को संबोधित करते हुए कहा था कि लोग मुझसे शिकायत करके हैं कि अधिकारी उनकी बात नहीं सुनते। अधिकारी आपकी सेवा के लिए ही हैं। अगर वे आपकी बात नहीं सुनते हैं, तो बांस से उनकी पिटाई कीजिए। गिरिराज सिंह ने कहा था कि गिरिराज के इसी बयान के बाद बवाल मचा हुआ है। हालांकि अपने विवादस्पद बयान पर अब तक गिरिराज सिंह का कोई स्पष्टीकरण नहीं आया है।