पीएम ने राष्ट्र के नाम संबोधन में चुनाव प्रचार किया, हम चुनाव आयोग से शिकायत करेंगे: ममता बनर्जी

ममता बनर्जी ने पीएम मोदी पर राजनीतिक प्रचार के लिए सरकारी मशीनरी का गलत इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है ।

Updated: Apr 19, 2026, 05:06 PM IST

कोलकाता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शनिवार को राष्ट्र के नाम दिए संबोधन की विपक्षी दलों ने तीखी आलोचना की है। विपक्षी दलों का कहना है कि पीएम घड़ियाली आंसू बहा रहे हैं। विपक्ष ने उन पर लोकतांत्रिक मानदंडों का उल्लंघन और आदर्श आचार संहिता के दुरुपयोग का भी आरोप लगाया है, क्योंकि उनका ये संबोधन कई राज्यों में जारी विधानसभा चुनावों के बीच दिया गया है। इसी बीच अब ममता बनर्जी ने चुनाव आयोग से पीएम मोदी की शिकायत करने की बात कही है।

पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने पीएम मोदी पर राजनीतिक प्रचार के लिए सरकारी मशीनरी का 'गलत इस्तेमाल' करने का आरोप लगाया। हुगली जिले के तारकेश्वर में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए, ममता ने कहा कि मोदी ने महिला आरक्षण बिल के संबंध में राष्ट्र के नाम अपने संबोधन के जरिए भाजपा का प्रचार किया। हम चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज कराएंगे।

ममता बनर्जी ने कहा, 'यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि PM ने अपने संबोधन में देश को गुमराह करने का रास्ता चुना। हम परिसीमन की उस प्रक्रिया का विरोध करते हैं, जिसे मोदी सरकार महिलाओं को ढाल बनाकर आगे बढ़ाने की साजिश रच रही थी। यह संघीय लोकतंत्र पर एक हमला है। और हम इसे चुपचाप होते हुए नहीं देखेंगे। तृणमूल कांग्रेस ने हमेशा महिलाओं के लिए ज़्यादा राजनीतिक प्रतिनिधित्व की वकालत की है। संसद और राज्य विधानसभा, दोनों में ही हमारे यहां चुनी हुई महिला प्रतिनिधियों का अनुपात सबसे ज्यादा है।'

उधर पीएम मोदी ने पश्चिम बंगाल के बिष्णुपुर में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि तृणमूल सरकार ने बंगाल की बेटियों को धोखा दिया है। महिलाएं आने वाले विधानसभा चुनावों में इसकी सजा जरूर देंगी। उन्होंने यह भी कहा कि बंगाल की ममता सरकार नहीं चाहती बंगाल की बेटियां ज्यादा संख्या में सांसद बनें। इसलिए संसद में आरक्षण से जुड़ा कानून पारित नहीं होने दिया। जानकारी के अनुसार पीएम मोदी की आज बंगाल में 4 रैलियां और जनसभाएं हैं। बिष्णुपुर, पुरुलिया, झाड़ग्राम में रैली कर चुके हैं। शाम को मेदिनीपुर जाएंगे।