राहुल गांधी ने बदला ट्विटर बायो, खुद को बताया Disqualified MP
राहुल गांधी को शुक्रवार को लोकसभा की सदस्यता से अयोग्य करार दिया गया था, इसके बाद से ही कांग्रेस मोदी सरकार का मुखरता के साथ विरोध कर रही है

नई दिल्ली। लोकसभा की सदस्यता से अयोग्य करार दिए जाने के बाद राहुल गांधी ने ट्विटर पर अपना बायो बदल दिया है। राहुल गांधी ने ट्विटर के अपने बायो में खुद को Disqualified MP बताया है।
राहुल गांधी को लोकसभा की सदस्यता से अयोग्य करार दिए जाने के बाद से ही देश भर में राजनीतिक सरगर्मियां तेज़ हैं। राहुल गांधी के खिलाफ़ हुई इस कार्रवाई के विरोध में आज कांग्रेस पार्टी संकल्प यात्रा निकाल रही है। जिसमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी सहित कांग्रेस के तमाम बड़े नेता शामिल हुए हैं। इस संबंध में दिल्ली के राजघाट पर कांग्रेस के तमाम बड़े नेता एकत्रित हुए हैं।
राजघाट पर हो रहे प्रदर्शन के साथ साथ देश भर में राहुल गांधी के समर्थन में कांग्रेस पार्टी प्रदर्शन करने जा रही है। कांग्रेस नेता गांधी प्रतिमाओं के सामने मोदी सरकार खिलाफ प्रदर्शन करने वाली है।
गुरुवार को राहुल गांधी को सूरत कोर्ट ने मानहानि के मामले में दोषी करार दिया गया था। इसके ठीक अगले दिन ही उन्हें लोकसभा की सदस्यता से अयोग्य करार दे दिया गया। राहुल गांधी के खिलाफ हुई इस कार्रवाई के विरोध में समूचा विपक्ष लामबंद हो गया। विपक्षी दलों ने राहुल गांधी के खिलाफ हुई इस कार्रवाई का जमकर विरोध किया। वहीं शनिवार को अपने प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल गांधी ने यह स्पष्ट किया कि भले ही उनके विरुद्ध कोई भी कार्रवाई की जाए वे सच बोलना नहीं छोड़ेंगे।