BJP ने रेप के आरोपी सरपंच पति को 6 साल के लिए किया निष्कासित, पार्टी नेत्री ने ही लगाए थे दुष्कर्म के आरोप
इंदौर में भाजपा नेत्री से दुष्कर्म मामले में FIR दर्ज होने के बाद सरपंच पति लेखराज डाबी के खिलाफ पार्टी ने एक्शन लेते हुए 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया है।

इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में भाजपा महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष के साथ दुष्कर्म मामले में पार्टी ने एक्शन लिया है। मामले में FIR दर्ज होने के बाद सरपंच पति लेखराज डाबी को भाजपा ने 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है। आरोपी सरपंच पति पर और भी महिलाओं के साथ संबंध बनाने के आरोप लगे हैं। साथ ही पीड़िता ने दुष्कर्म का ऑबर्शन कराने के भी गंभीर आरोप लगाए हैं।
शहीद टंट्या मामा मंडल, सिमरोल के मंडल अध्यक्ष ने पत्र जारी कर लिखा कि आपको आपके द्वारा किए गए कृत्यों को लेकर जवाब तलब किया गया था। इसके बाद आपके द्वारा कोई संतोषजनक जवाब न मिलने के कारण आपके द्वारा पार्टी की छवि को धूमिल किया गया है। इसके लिए आपको 6 साल के लिए पार्टी सदस्यता से निष्कासित किया जाता है।
यह भी पढे़ं: MP: टिकट का झांसा देकर महिला से दुष्कर्म, आरोपी भाजपा नेता को सीधी पुलिस ने किया गिरफ्तार
दरअसल, पिछले दिनों मंडल महिला मोर्चा उपाध्यक्ष ने सरपंच पति लेखराज डाबी के खिलाफ सिमरोल थाने पर रेप की धाराओं में मामला दर्ज करवाया था। जिसके बाद से ही सरपंच पति फरार है। बता दें कि इस पूरे मामले में महिला ने सरपंच पति पर आरोप लगाए थे कि सरपंच पति पूर्व कैबिनेट मंत्री ऊषा ठाकुर का करीबी है । जिसके कारण उसकी सुनवाई नहीं हो रही हैं। पुलिस एफआईआर दर्ज कराने के बावजूद भी अभी तक लेखराज को गिरफ्तार नहीं कर सकी है।
पीड़ित महिला ने बताया कि वह पहले एक आर्मी अफसर के घर में कुक का काम करती थी। सिमरोल मंडल में पार्टी का काम करते समय उसकी मुलाकात सरपंच पति लेखराज डाबी से हुई, जिससे धीरे-धीरे दोस्ती हो गई। इसके बाद वे लिव इन में रहने लगे। इस दौरान वह प्रेग्नेंट हो गई तो आरोपी ने उसका अबॉर्शन करवा दिया।
पीड़िता ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि अब तक न तो लेखराज की गिरफ्तारी हुई है और न ही कोई ठोस कदम उठाया गया है। उन्होंने न्याय की मांग करते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव के निवास के बाहर धरने पर बैठने की चेतावनी दी है। मामले पर ग्रामीण एडिशनल एसपी रूपेश द्विवेदी ने बताया कि महिला की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई है। पूरे मामले की बारीकी से जांच की जा रही है।