दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में बारिश का कहर, दर्जनभर लोगों की मौत, मोहाली में बाढ़ जैसे हालात

दिल्ली में एक 58 वर्षीय महिला की उस समय मौत हो गई जब एक फ्लैट की छत उसके ऊपर गिर गई। राजस्थान में 24 घंटे के दौरान बारिश से जुड़ी घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई।

Updated: Jul 09, 2023, 04:41 PM IST

नई दिल्ली। उत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में अभी बारिश का दौर जारी है। मौसम ने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत में व्याप्त है, जिसके कारण कल भारी बारिश हुई, जिसमें दिल्ली भी शामिल है, जहां सीजन की पहली भारी बारिश हुई। दिल्ली में 41 साल का रिकॉर्ड टूटा। 1982 के बाद से जुलाई में एक दिन में सबसे ज्यादा 153 मिमी बारिश हुई।

दिल्ली में रविवार सुबह साढ़े आठ बजे तक पिछले 24 घंटे में 153 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जो 1982 के बाद से जुलाई में एक दिन में हुई सर्वाधिक बारिश है। इस लिहाज से देखा जाए तो जुलाई महीने में पिछले चार दशक में एक दिन में हुई ये सबसे ज्यादा बारिश है। राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्सों में जलभराव के कारण यातायात जाम हो गया। आज भी शहर और आसपास के इलाकों में भारी बारिश जारी रही। दिल्ली में एक 58 वर्षीय महिला की उस समय मौत हो गई जब एक फ्लैट की छत उसके ऊपर गिर गई।

राजस्थान में 24 घंटे के दौरान बारिश से जुड़ी घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई। बारिश के चलते जम्मू-कश्मीर के पुंछ में सेना के दो जवान पोशाना नदी पार करते हुए डूब गए। वहीं हिमाचल में 5, जम्मू में 2 और यूपी में 4 लोगों की मौत हो गई। हिमाचल में ब्यास नदी ने काफी नुकसान पहुंचाया। एक पुल नदी में बह गया। वहीं कुछ दुकानें भी बाढ़ के पानी में समा गईं। नदी में फंसे पांच लोगों को NDRF की टीम ने रेस्क्यू किया।

मोहाली के डेराबस्सी में घग्गर नदी का पानी सोसाइटी में घुस गया। जिसके बाद लोगों को नाव के जरिए बाहर निकाला गया। उधर चंबा पठानकोट नेशनल हाईवे बनीखेत के पास धंस गया। मोहाली में बाढ़ जैसे हालात हैं। यहां लोगों को रेस्क्यू करने NDRF की टीम बुलाई गई है। वही, चंडीगढ़ में बारिश के बाद सुखना लेक का वॉटर लेवल बढ़ गया, जिसके बाद बांध खोला गया।

लगातार बारिश और भूस्खलन के कारण अमरनाथ यात्रा शनिवार को लगातार दूसरे दिन निलंबित कर दी गई, जिससे हजारों तीर्थयात्री जम्मू और गुफा मंदिर के रास्ते में विभिन्न स्थानों पर फंसे हुए हैं। दक्षिण में, केरल और कर्नाटक के कई इलाकों में भी लगातार बारिश हुई। आईएमडी ने केरल के चार जिलों - कोझिकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड में "येलो" अलर्ट जारी किया है। शिमला, सिरमौर, लाहौल और स्पीति, चंबा और सोलन में भूस्खलन और बाढ़ के कारण कई सड़कें अवरुद्ध होने के बाद मौसम कार्यालय ने हिमाचल प्रदेश के सात जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया।