अमेरिका के एक स्कूल में छात्र ने साथियों पर की फायरिंग, 1 की मौत और 5 घायल

अमेरिकी में गुरुवार को आयोवा के एक हाई स्कूल में हैंडगन और शॉटगन से लैस एक किशोर ने एक साथी छात्र की हत्या कर दी और पांच अन्य लोगों को घायल कर दिया।

Updated: Jan 05, 2024, 10:03 AM IST

अमेरिका में गन कल्चर नागरिकों के लिए आफत बनता जा रहा है। देश में अंधाधुंध फायरिंग की घटनाएं नहीं थम रही हैं। गुरुवार को आयोवा में एक हाई स्कूल में हैंडगन और शॉटगन से लैस एक किशोर ने एक साथी छात्र की हत्या कर दी और पांच अन्य लोगों को घायल कर दिया।

बताया जा रहा है कि स्कूल में 17 साल के बच्चे ने फायरिंग की थी। इस घटना में एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक हमले का आरोपी भी मृत पाया गया है। अधिकारियों ने आशंका जताई है कि उसने खुद को गोली मारकर आत्महत्या की है।

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, स्थानीय समयानुसार गुरुवार की सुबह करीब 7:30 बजे यह घटना हुई। पब्लिक सेफ्टी डिविजन के अधिकारी मिच मोर्टवेट का कहना है कि पेरी स्कूल के प्रिंसिपल को भी गोली लगी है। एक पीड़ित की हालत गंभीर है, जबकि अन्य चार की हालत स्थिर है।

नागरिकों के बंदूक रखने के मामले में अमेरिका दुनिया में सबसे आगे है। अमेरिका की कुल आबादी करीब 33 करोड़ है। लेकिन यहां 40 करोड़ गन हैं।स्विट्जरलैंड के स्मॉल आर्म्स सर्वे यानी SAS की रिपोर्ट के मुताबिक, दुनिया में मौजूद कुल 85.7 करोड़ सिविलियन गन में से अकेले अमेरिका में ही 39.3 करोड़ सिविलयन बंदूक मौजूद हैं। दुनिया की आबादी में अमेरिका का हिस्सा 5% है, लेकिन दुनिया की कुल सिविलियन गन में से 46% अकेले अमेरिका में हैं।