RSS चीफ मोहन भागवत को हुआ कोरोना, नागपुर के किंग्जवे अस्पताल में भर्ती

RSS ने अपने आधिकारिक ट्वीटर हैंडल से संघ प्रमुख मोहन भागवत के कोरोना संक्रमित होने की जानकारी दी है, उन्हें नागपुर के किंग्जवे अस्पताल में भर्ती कराया गया है

Updated: Apr 10, 2021, 03:03 AM IST

Photo Courtesy: Jansatta
Photo Courtesy: Jansatta

नागपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। आरएसएस ने अपने आधिकारिक ट्वीटर हैंडल से ट्वीट कर इस बात की पुष्टि की है। भागवत में कोरोना के सामान्य लक्षण हैं और उन्हें नागपुर स्थित किंग्जवे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने अपने आधिकारिक ट्वीटर हैंडल से ट्वीट किया, 'राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के परमपूजनीय सरसंघचालक डॉ. मोहनजी भागवत आज दोपहर कोरोना पॉज़ीटिव हुये है। अभी उन्हें कोरोना के सामान्य लक्षण हैं तथा वे सामान्य जाँच और सावधानी के नाते नागपुर के किंग्ज़वे अस्पताल में भर्ती हुए हैं।' 

बीजेपी के दिग्गज नेता व केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने संघप्रमुख के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। गडकरी ने ट्वीट किया, 'राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक आदरणीय डॉ. मोहनजी भागवत के कोरोना पॉजीटिव होने की खबर मिली। उन्हें शीघ्र स्वास्थ्य लाभ मिले ईश्वर से यही कामना करता हूं।' 

गौरतलब है कि बीते कुछ दिनों से देश में कोरोना की नई लहर ने कोहराम मचा रखा है। कोरोना संक्रमण के मामले प्रतिदिन नए रिकॉर्ड बना रहे हैं। पिछले साल के मुकाबले इस बार के नया लहर ज्यादा खतरनाक और संक्रामण प्रतीत हो रहा है। कोरोना ने महाराष्ट्र को सबसे बुरी तरह से प्रभावित किया है। पूरे देश में सामने आ रहे पॉजिटिव मामलों के आधा से ज्यादा केस महाराष्ट्र से सामने आ रहे हैं। राज्य के नागपुर, पुणे और मुंबई जैसे महानगरों में कोरोना का प्रकोप सबसे ज्यादा है।