MVA की रैली को रोकने के लिए कराया गया संभाजीनगर का दंगा, मुंबई में भी दंगा करने की फिराक में है बीजेपी : संजय राउत

संजय राउत ने कहा कि राज्य में सरकार और कानून व्यवस्था का कोई महत्व ही नहीं रह गया है

Updated: Mar 31, 2023, 06:48 PM IST

मुंबई। संभाजीनगर में हुए दंगे को लेकर शिवसेना के उद्धव ठाकरे गुट के नेता संजय राउत ने राज्य की एकनाथ शिंदे पर गंभीर आरोप लगाया है। संजय राउत ने कहा है कि महाराष्ट्र विकास आघाड़ी के गठबंधन की रैली को रोकने के लिए संभाजीनगर में दंगा करवाया गया। राउत ने कहा कि यह दंगा पूरी तरह से सरकार द्वारा प्रायोजित है। इतना ही नहीं संजय राउत ने कहा है कि आने वाले दिनों में बीजेपी मुंबई भी दंगा करवा सकती है। 

संजय राउत ने राज्य की लचर कानून व्यवस्था पर सवाल खड़ा करते हुए कहा कि महाराष्ट्र में कानून व्यवस्था की समस्या है क्योंकि यहां सरकार, पुलिस, गृह मंत्री का अस्तित्व नहीं है। कहां हैं CM व गृहमंत्री? संभाजीनगर में बेवजह दंगा इसलिए हुआ क्योंकि 2 अप्रैल को वहां महाविकास अघाड़ी की एक रैली है। यह सरकार प्रायोजित दंगा है। 

संजय राउत ने कहा कि महाराष्ट्र और गुजरात दोनों जगह बीजेपी की सरकार है लेकिन इसके बावजूद वहां दंगे होते हैं। दो अप्रैल को महाविकास आघाड़ी गठबंधन की रैली होने वाली थी, जिसमें लाखों लोग उपस्थित रहने वाले थे। इसलिए सरकार प्रायोजित दंगे करवाए गए हैं। आने वाले दिनों में यह लोग मुंबई में भी दंगे करवाएंगे क्योंकि वे डर चुके हैं इसलिए हिंदू मुस्लिम की राजनीति करने पर आमादा हो गए हैं। 

दरअसल 29 - 30 मार्च की दरमियानी रात को साढ़े बारह बजे किराडनगर इलाके में राम मंदिर के पास दो युवक आपस में उलझ पड़े। जल्द ही मामला बिगड़ और मौके पर अन्य लोग भी पहुंच कर हिंसा करने लगे। दोनों गुटों ने आपस में मारपीट करने के साथ साथ पत्थरबाजी करने लगे। उपद्रवियों ने वहां खड़ी गाड़ियों को भी आग के हवाले कर दिया।

हिंसा के दौरान शेक मोहिउद्दीन नामक एक व्यक्ति की गोली लगने से मौत हो गई। जिसके बाद इलाके में तनाव पसर गया। पुलिस ने इस मामले में अब तक कुल छह लोगों की गिरफ्तारी की है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।