MP में लैंड, लेबर और माइंस, यहां उद्योग की संभावनाएं और अवसर ज्यादा: अमित शाह

बिजली, पानी, सड़क को लेकर जो मध्य प्रदेश बीमारू राज्य माना जाता था, उसे बीजेपी सरकार ने 20 साल में बदलकर रख दिया है। बीजेपी सरकार के शासन में आज यहां 5 लाख किमी रोड नेटवर्क है। 6 हवाई अड्डे हैं, 31 गीगावॉट की ऊर्जा क्षमता है: अमित शाह

Updated: Feb 25, 2025, 07:17 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय में आयोजित दो दिवसीय ग्लोबल इन्वेस्टर समिट का आज समापन हो गया। समापन सत्र को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश के लिए युग परिवर्तन के इस कार्यक्रम में सभी का स्वागत है। मैं मोहन यादव की पूरी टीम को बधाई देता हूं। दो दिन के अंदर 30 लाख 77 हजार करोड़ के निवेश प्रस्ताव को धरातल पर उतारना सराहनीय काम है।

शाह ने कहा कि दो दिन के कार्यक्रम में 200 से अधिक से भारतीय कंपनियां, 50 से अधिक देशों से प्रतिनिधि आए। मध्य प्रदेश ने ग्लोबल पोटेंशियल को एक्सप्लोर करके अपने आप को साबित किया है। MP हमारे देश की भव्य विरासत है। 2027 तक हमारा देश दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा। इसमें मध्य प्रदेश का अहम योगदान होगा। भारत का संपूर्ण व समग्र विकास हो रहा है। भारत की अमृत पीढ़ी के लिए अमृतकाल चल रहा है। इसमें मध्य प्रदेश सरकार ने अलग-अलग सेक्टर में जो नीतियां बनाई हैं, वे भारत को मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने में सहायता करेंगी।

यह भी पढ़ें: भोपाल में ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट-2025 का आगाज, अदाणी ने राज्य में 1.10 लाख करोड़ रुपए के निवेश का किया ऐलान

उन्होंने कहा कि एमपी में बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर बन चुका है, मार्केट का एक्सेस भी सबसे ज्यादा है। पूरा ईको सिस्टम एमपी सरकार ने बनाया है। यहां लैंड भी और रिजर्व फॉरेस्ट भी हैं। यहां स्किल्ड लेबर फोर्स भी है। माइंस भी हैं और कनेक्टिविटी है। बिजली, पानी, सड़क को लेकर जो मध्य प्रदेश बीमारू राज्य माना जाता था, उसे बीजेपी सरकार ने 20 साल में बदलकर रख दिया है। बीजेपी सरकार के शासन में आज यहां 5 लाख किमी रोड नेटवर्क है। 6 हवाई अड्डे हैं, 31 गीगावॉट की ऊर्जा क्षमता है।

शाह ने आगे कहा कि 20 साल में सड़क नेटवर्क बना है। एयपोर्ट बने हैं। IIT, IIM, NIFT जैसे संस्थान खुले है। मैग्नीज, रॉक फॉस्फेट, चूना पत्थर जैसी माइंस हैं।मध्य प्रदेश फूड प्रोसेसिंग के लिए भी बहुत महत्वूपर्ण माना जाता है। ईज ऑफ डूइंग बिजनेस वाला देश का पहला राज्य है। आने वाले दिनों में एमपी का पोटेंशियल 100 % दिखेगा। मुझे विश्वास है कि 2027 में हम दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेंगे।

बता दें कि दो दिवसीय ग्लोबल इन्वेस्टर समिट का पीएम मोदी ने 24 फरवरी की सुबह उद्घाटन किया था। 25 फरवरी को इसका समापन हो गया। समिट में देश के कई बड़े उद्यमी पहुंचे। साथ ही विदेशों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए। GIS में कई कंपनियों ने भी मध्य प्रदेश में बड़े स्तर पर निवेश की घोषणा की।