तमिलनाडु में एक्टर विजय की रैली में भगदड़, 38 लोगों ने गंवाई जान, 50 से ज्यादा घायल

तमिलनाडु के करूर में शनिवार को अभिनेता-राजनेता विजय की रैली के दौरान भगदड़ मचने से 8 बच्चे, 16 महिलाएं सहित 38 लोगों की मौत हो चुकी है।

Updated: Sep 28, 2025, 12:22 AM IST

चेन्नई। तमिलनाडु के करूर में एक्टर विजय की रैली में शनिवार शाम को भगदड़ मच गई। इसमें 38 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में 16 महिलाएं और 8 बच्चे भी शामिल हैं। हादसे में 58 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। आशंका जताई जा रही है कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है।

जानकारी के मुताबिक अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी तमिलगा वेट्री कजगम यानी TVK की रैली में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। बताया गया है कि 9 साल की एक बच्ची गुम गई थी। विजय ने मंच से उसे तलाशने की अपील पुलिस और अपने लोगों से की, जिसके बाद वहां भगदड़ मच गई।

भीड़ में फंसने से कई लोगों को सांस लेने में परेशानी हुई और कई लोग और कार्यकर्ता बेहोश होने लगे। हालात बिगड़ते देख विजय ने भाषण रोक दिया और लोगों से शांति की अपील की। इसके बाद वे भाषण छोड़कर निकल गए। विजय की रैली के लिए 10 हजार लोगों की परमिशन थी। प्रशासन को 50 हजार लोगों के जुटने का अनुमान था, लेकिन वहां करीब 1 लाख 20 हजार लोग एकत्र हो गए थे।

लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने X पर लिखा, ‘तमिलनाडु के करूर में एक राजनीतिक रैली में हुई दुखद घटना से मैं बेहद दुखी हूं, जिसमें कई अनमोल जानें चली गईं। मैं उनके प्रियजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं और सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। मैं कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं से आग्रह करता हूं कि वे पीड़ितों और उनके परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान करें और राहत एवं बचाव कार्यों में अधिकारियों के साथ मिलकर काम करें।'