UP कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय मेदांता के ICU में भर्ती, PM मोदी ने की शीघ्र स्वस्‍थ होने की कामना

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्‍यक्ष अजय राय को सीने में दर्द और बेचैनी के चलते मेदांता अस्‍पताल में भर्ती कराया गया है। यहां आईसीयू में उनका इलाज चल रहा है।

Updated: May 02, 2026, 12:34 PM IST

लखनऊ। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय की शुक्रवार दोपहर अचानक तबीयत बिगड़ गई। वे पीसीसी मुख्यालय में ही बेहोश हो गए। उन्हें तत्काल मेदांता हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। इमरजेंसी में एक्सपर्ट डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज हुआ। इसके बाद उन्हें आईसीयू में शिफ्ट कर दिया गया। पीएम मोदी से लेकर राहुल गांधी व अन्य नेताओं ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

दरअसल, लखनऊ में कांग्रेस ने शुक्रवार को श्रमिक दिवस और बुद्ध पूर्णिमा के मौके पर शिक्षक और डॉक्टरों का सम्मेलन किया। इसमें दिल्ली से अविनाश पांडेय और सुप्रिया श्रीनेत समेत कई नेताओं ने हिस्सा लिया। अजय राय यूपी प्रभारी अविनाश पांडेय को कार्यक्रम के बाद एयरपोर्ट ड्राप करने गए थे। उसके बाद माल एवेन्यू स्थित पार्टी ऑफिस में वापस आए। यहां पर दूसरा कार्यक्रम चल रहा था। तभी उनकी तबीयत बिगड़ गई। उनके सीने में दर्द हुआ। इस पर अजय राय ने साथियों से कहा कि उन्हें घबराहट हो रही है। घर ले चलो।

अजय राय को तेलीबाग स्थित उनके अपार्टमेंट में ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में उनकी तबीयत और बिगड़ गई। तुरंत उनको मेदांता हॉस्पिटल ले जाया गया। ब्रेन स्ट्रोक या हार्ट अटैक की आशंका को देखते हुए जांच की गई। जांच में पता चला है कि सीजर आने के बाद सोडियम का लेवल कम हो गया था। बहरहाल, उनकी तबियत स्थिर है और जल्द ही वे अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिए जाएंगे।

अजय राय की तबियत बिगड़ने की सूचना के बाद पीएम मोदी और राहुल गांधी ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। प्रधानमंत्री ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, 'उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय जी के अस्वस्थ होने का समाचार प्राप्त हुआ है। मैं उनके जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।'

वहीं, लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने लिखा कि उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय जी के अस्वस्थ होने के समाचार से चिंतित हूं। उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं। आशा है कि वो जल्द से जल्द स्वस्थ हों और फिर से पूरी शक्ति के साथ जन सेवा में सक्रिय हों।