UP चुनाव: प्रियंका गांधी ने जारी किया महिला घोषणापत्र, सरकारी नौकरियों में 40 फीसदी आरक्षण का वादा
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने शक्ति विधान महिला घोषणापत्र जारी कर कहा है कि सरकारी नौकरियों में 9 फीसदी महिलाएं हैं, जिन्हें बढ़ाकर हम 40 फीसदी करेंगे

लखनऊ। 'लड़की हूं, लड़ सकती हूं' नारे के साथ उत्तर प्रदेश चुनाव में उतरीं प्रियंका गांधी ने अब नारी शक्ति के उत्थान को अपना अभियान बना लिया है। कांग्रेस महासचिव ने आज आधी आबादी के लिए अलग से शक्ति विधान महिला घोषणापत्र जारी किया। खास बात ये है कि इस कार्यक्रम के दौरान पहली पंक्ति में सिर्फ महिला पत्रकार दिखीं। प्रियंका के निर्देशानुसार कार्यक्रम को कवर करने आई महिला पत्रकारों के लिए फर्स्ट रो रिजर्व रखा गया था।
इस घोषणा पत्र को जारी करते हुए प्रियंका ने कहा कि हम महिलाओं को सचमुच सशक्त बनाना चाहते हैं, और इसकी शुरुआत हमने प्रदेश के चुनाव में कांग्रेस की ओर से 40 फीसदी टिकट महिलाओं के लिए आरक्षित करने के साथ कर दी है। इस हिस्सेदारी को हम 50 फीसदी तक बढ़ाना चाहते हैं, जिससे समाज में संतुलन होगा। प्रियंका गांधी ने कहा कि सरकारी पदों में महिलाओं की महज 9 फीसदी ही भागीदारी है। इसे हम बढ़ाकर 40 फीसदी करेंगे।
यह भी पढ़ें: हेलीकॉप्टर क्रैश live: नहीं रहे CDS विपिन रावत, पत्नी मधुलिका का भी निधन, एयरफोर्स ने की पुष्टि
प्रियंका गांधी ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार आने के बाद हम महिलाओं द्वारा संचालित छोटे व्यापारों में टैक्स नहीं लेंगे। महिलाओं द्वारा दुकानें संचालित की जाएगी। 12वीं पास छात्राओं को स्मार्टफोन और ग्रेजुएट छात्राओं को स्कूटी दी जाएगी। राज्यभर में इवनिंग स्कूल खोले जाएंगे जहां गांव की लड़कियां पढ़ाई कर सकेंगी।
'लड़की हूं लड़ सकती हूं' बदलाव की आवाज है, एक नई राजनीति की शुरुआत है।
— Priyanka Gandhi Vadra (@priyankagandhi) December 8, 2021
लड़की हूं लड़ सकती हूं
मैं कुछ भी कर सकती हूं... pic.twitter.com/kdoaDloyrH
कांग्रेस नेतृ ने महिलाओं के लिए घोषणा की इस कड़ी में ऐलान किया कि बस में महिलाओं के लिए फ्री यात्रा की सुविधाएं लागू की जाएगी। गरीब महिलाओं को फ्री इंटरनेट, विधवा महिलाओं को 500 रुपए मासिक पेंशन दिया जाएगा। महिलाओं के लिए आवासीय खेल अकादमी बनाई जाएगी साथ ही यूपी के 25 शहरों में कामकाजी महिलाओं के लिए भी हॉस्टल बनाया जाएगा।
अब से कुछ ही देर में उप्र कांग्रेस अपना महिला घोषणा पत्र (शक्ति विधान) जारी करेगी। यह महिला घोषणा पत्र (शक्ति विधान) महिला सशक्तिकरण एवं राजनीति में महिलाओं की भूमिका के लिए मील का पत्थर बनेगा।
— Priyanka Gandhi Vadra (@priyankagandhi) December 8, 2021
प्रियंका ने यह भी कहा है कि हमारी सरकार पुलिस विभाग में 25 फीसदी महिलाओं को जगह देगी साथ ही हर जिले में महिलाओं को मुफ्त कानूनी मदद दी जाएगी। महिला स्वास्थ्य को लेकर कांग्रेस महासचिव ने कहा कि पूरे प्रदेश में मासिक धर्म से संबंधित दवाओं की मुफ्त आपूर्ति होगी। प्रियंका ने कहा कि ‘सक्षमता, शक्ति महिला के सहज गुण होते हैं। इसके अलावा करुणा और दया जैसी भावनाओं से भी वे लबरेज होती हैं। महिला अपने हक के लिए तैयार है और इसके लिए लड़ेंगी।’