हमने 4 मंत्रियों को भी वहां भेज दिया है, चुनाव प्रचार के दौरान यूक्रेन संकट पर बोले PM मोदी

यूक्रेन संकट के बीच यूपी चुनाव के लिए धुआंधार रैलियां कर रहे हैं पीएम मोदी, सोनभद्र में लोगों को संबोधित करते हुए कहा- ये हमारी बढ़ती ताकत का सबूत है कि हम यूक्रेन में फंसे भारतीयों को निकाल पा रहे

Updated: Mar 02, 2022, 10:57 AM IST

नई दिल्ली। यूक्रेन में हजारों भारतीय छात्रों की जीवन संकट में है। इधर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह उत्तर प्रदेश चुनाव के लिए धुआंधार रैलियां कर रहे हैं। सोनभद्र में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने यूक्रेन संकट को लेकर कहा कि हम वहां चार मंत्रियों को भेज चुके हैं।

प्रधानमंत्री ने सोनभद्र में कहा कि, 'आज दुनिया में जो हालात बनें हैं वो आप देख रहे हैं। भारत की बढ़ती ताकत का ही सबूत है कि हम यूक्रेन में फंसे भारतीयों को निकाल पा रहे हैं। ये भारत का बढ़ता सामर्थ्य ही है कि हम यूक्रेन में फंसे हमारे देश के नागरिकों को वहां से सुरक्षित निकालने के लिए इतना बड़ा अभियान चला रहे हैं। ऑपरेशन गंगा के तहत कईं हजार नागरिकों को वहां से देश वापस लाया जा चुका है। इस मिशन को गति देने के लिए भारत ने अपने 4 मंत्रियों को भी वहां पर भेज दिया है।' 

पीएम मोदी ने आगे कहा कि, 'संकट में फंसे भारतीयों को ज्यादा तेजी से निकालने के लिए हमारी सेना और वायुसेना को भी लगा दिया गया है। मैं आज देश के लोगों को भी ये विश्वास दिलाता हूं कि भारत सरकार अपने नागरिकों की सुरक्षित वापसी के लिए कोई कोर-कसर बाकी नहीं छोड़ेगी। मैं आज सोनभद्र आकर आपसे आग्रह कर रहा हूं कि आपको इस परिस्थिति में जीने के लिए जिन्होंने मजबूर किया है। आजादी के बाद इन लोगों को जब-जब सरकार बनाने का मौका मिला, आपकों पीछे रखने का काम किया। ऐसे लोगों को आप कभी माफ मत करना।'

यह भी पढ़ें: Russia Ukraine War Live: रूस की खुली धमकी, तीसरा विश्व युद्ध हुआ तो परमाणु हथियार भी होंगे शामिल

सोनभद्र के बाद पीएम मोदी गाजीपुर पहुंचे। यहां उन्होंने कहा कि, 'महलों में जीने, महंगी गाड़ियों में घूमने वाले कभी भी गरीब का दर्द नहीं समझ सकते। दंगों के दौरान खुली जीप में घूमने वाले आज घुटनों पर हैं। पहले की सरकारों के समय जो दहशत थी, उसकी जगह अब गरीबों के कल्याण ने ले ली है।' यहां उन्होंने हिस्ट्रीशीटर कृष्णानंद राय को याद करते हुए कहा कि, ' गाजीपुर के लोग वो दौर भी नहीं भूले जब हमारे एक होनहार साथी कृष्णानंद राय जी को गोलियों से छलनी कर दिया गया था।'

उधर गृहमंत्री अमित शाह ने चंदौली और जौनपुर में जनसभाओं को संबोधित किया। शाह ने कहा कि, '5 साल में योगी आदित्यनाथ जी ने उत्तर प्रदेश से माफियाओं को चुन चुन कर समाप्त कर दिया है। आज अतीक अहमद, मुख्तार अंसारी और आजम खान जेल में हैं। अगर आप चाहते हो कि वो जेल में ही रहें तो गलती से भी साइकिल या हाथी की सवारी मत करना। 2014, 2017 और 2019 में आपने भाजपा को जिताया। ये अखिलेश बाबू हल्के गेंदबाज हैं, अब इन्होंने फुलटॉस गेंद डाली है। उस पर अब आपको जीत का चौका लगाना है।'