जम्मू कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा कब मिलेगा, राज्यसभा में अमित शाह के भाषण पर दिग्विजय सिंह ने उठाए सवाल

दिग्विजय सिंह ने कहा कि दो घंटे के भाषण में गृहमंत्री अमित शाह का बात पर मौन रहे कि जनगणना कब होगा और जम्मू कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा कब मिलेगा।

Updated: Mar 21, 2025, 07:14 PM IST

नई दिल्ली। बजट सत्र के दौरान शुक्रवार को अमित शाह ने गृह मंत्रालय के कामकाज पर चर्चा का जवाब दिया। इस दौरान उन्होंने मोदी सरकार की उपलब्धियों का बखान और विपक्षी दलों पर राजनीतिक आक्षेप भी लगाए गए। शाह ने जनगणना और जम्मू कश्मीर को स्टेटहुड को लेकर कोई बात नहीं की। इसे लेकर अब कांग्रेस सांसद दिग्विजय सिंह ने सवाल खड़े किए हैं।

दिग्विजय सिंह ने एक सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से कहा कि राज्य सभा में गृह मंत्रालय की डिमांड्स पर चर्चा का उत्तर देते हुए गृह मंत्री अमित शाह ने अपने 2 घंटे के भाषण में विस्तार से अपनी उपलब्धियां गिनाई। लेकिन 2 महत्त्वपूर्ण मुद्दों पर वे मौन रहे। सिंह ने पूछा कि देश में जनगणना कब होगी? उन्होंने आगे पूछा कि जम्मू कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा कब मिलेगा? 

यह भी पढ़ें: RSS के कार्यक्रम में मनमोहन सिंह को दी गई श्रद्धांजलि, मणिपुर के हालात पर संघ ने जताई चिंता

कांग्रेस सांसद ने बताया कि सदन में ही वे गृहमंत्री शाह से ये पूछना चाहते थे लेकिन सभापति द्वारा उन्हें बोलने का अवसर नहीं दिया गया। सिंह ने सवाल खड़े करते हुए कहा कि क्या इन दोनों मुद्दों पर गृहमंत्री को देश को जानकारी नहीं देनी चाहिए थी?  

बता दें कि राज्यसभा में अपने संबोधन में गृहमंत्री शाह ने कहा कि पिछले 10 साल में प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल में जम्मू कश्मीर में आतंकी घटनाओं से हुई मौतों में 70% कमी आई है। उन्होंने कहा कि आतंकवाद, नक्सलवाद और पूर्वोत्तर में उग्रवाद नासूर बने थे। हमें पिछली सरकार ने इसे विरासत में दिया था। 2014 में हमारी सरकार बनी तो हमने तीनों मोर्चों पर मुकाबला किया। 

शाह ने विपक्षी नेताओं पर तंज कसते हुए कहा कि ये हिसाब मांगते हैं कि क्या हुआ 370 हटाने का परिणाम। उन्होंने कहा कि हिसाब तो उनको दिया जाता है, नजारा तो उनको दिखाया जाता है, जिनकी नजरें साफ हों। जो काला चश्मा पहन कर, आंखें मूंद कर बैठे हैं, उनको विकास नहीं दिखा सकते हैं।