14 करोड़ में नीलाम हुआ दुनिया का सबसे महंगा कबूतर

न्यू किम नाम की इस मादा कबूतर के लिए चीन के एक शख़्स ने लगाई 14 करोड़ से ज्यादा की बोली, रखवाली के लिए तैनात है पर्सनल बॉडीगार्ड

Updated: Nov 17, 2020, 10:50 PM IST

Photo Courtesy : Aaj Tak
Photo Courtesy : Aaj Tak

ब्रसेल्स। किम नाम आपमे अजीबोगरीब कारनामों की वजह से अक्सर दुनियाभर की सुर्खियों में रहता है। हालांकि, इस बार उत्तर कोरिया के तानाशाह नहीं बल्कि किसी और किम की चर्चाएं हैं। यह किम एक दो साल की रेसिंग कबूतरी यानी मादा कबूतर है जिसका दाम 14 करोड़ रुपए से भी ज्यादा है।

जी हां, 14 करोड़ से भी ज्यादा दाम है इस कबूतर का। इस रेसिंग कबूतर के लिए 19 लाख डॉलर यानी 14 करोड़ रुपये की भारी-भरकम बोली एक ऑनलाइन नीलामी के दौरान लगाई गई। इतने पैसों में तो आप मुंबई या दिल्ली जैसे महानगरों में कई शानदार फ्लैट खरीद सकते हैं।

इस नीलामी के साथ ही किम ने दुनिया के सबसे महंगे कबूतर होने का तमगा भी हासिल कर लिया है। पहले इसे 237 डॉलर पर नीलामी के लिए रखा गया था, लेकिन चीन के एक व्यक्ति ने इसे 19 लाख डॉलर में खरीद लिया। रेसिंग कबूतर किम को पालने वाले कुर्त वाउवर और उनका परिवार नीलामी की रकम सुनकर हैरत में पड़ गए।

पीआईपीए के अनुसार, इस बिक्री ने 'अर्मांडो' नाम के एक अन्य बेल्जियन कबूतर की बिक्री के रिकॉर्ड को तोड़ा दिया है। अर्मांडो को साल 2019 में एक चीनी कलेक्टर ने 12,52,000 यूरो यानी करीब 11 करोड़ रुपये में खरीदा था जो अबतक दुनिया का सबसे महंगा कबूतर था।

पिछले कुछ सालों में चीन में कबूतरों की रेस काफी लोकप्रिय हो रही है। रेसिंग कबूतरों के बच्चों के लिए भी लोग एक से बढ़कर एक बोलियां लगाकर कबूतर खरीद रहे हैं। इन कबूतरों पर अरबों रुपए के ऑनलाइन सट्टे लगते हैं। यूरोपीय देशों में भी कबूतरों की रेस घोड़े के रेस से ज्यादा लोकप्रिय हो रही है।

न्यू किम जैसे रेसिंग कबूतरों की उम्र अधिकतम 15 साल होती है। साल 2018 में किम ने कई प्रतियोगिताओं में जीत हासिल की, जिसमें नेशनल मिडल डिस्टेंस रेस भी शामिल है। उसके बाद से न्यू किम भी रिटायर हो गई है। ऐसे में उम्मीद इस बात की है कि किम के नए मालिक ने उसके बच्चों को रेस में इस्तेमाल करने के लिए ही इतनी बड़ी बोली लगाई है।