थाईलैंड के स्कूल में छात्र ने की अंधाधुंध फायरिंग, शिक्षक समेत 8 की मौत और कई घायल

थाईलैंड के नोंथबुरी स्थित एक स्कूल में छात्र ने अचानक अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस खौफनाक हमले में शिक्षक और छात्रों समेत 8 लोगों की मौत हो गई। जबकि, 15 अन्य घायल हैं।

Updated: Aug 07, 2026, 01:54 PM IST

थाईलैंड के नोंथबुरी प्रांत में शुक्रवार को एक स्कूल में हुई गोलीबारी की घटना में 3 शिक्षक और 3 छात्रों समेत कुल 8 लोगों की मौत हो गई। जबकि, कई अन्य घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, हमले को अंजाम देने वाला छात्र बाद में मृत पाया गया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, घटना को अंजाम देने के बाद उसने आत्महत्या कर ली। घटना के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और अधिकारियों ने छात्रों को सुरक्षित बाहर निकालने का अभियान चलाया।

यह घटना राजधानी बैंकॉक के उत्तर में स्थित नोंथबुरी प्रांत के बैंग क्रुई जिले के देबसिरिन नोंथबुरी स्कूल में हुई। यह एक बड़ा माध्यमिक विद्यालय है जहां करीब 3,000 छात्र पढ़ाई करते हैं। स्कूल एक व्यस्त राजमार्ग के किनारे स्थित है। जिसके कारण घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई।

यह भी पढ़ें:वाहन चेकिंग के दौरान चाबी छीनना गलत, जबलपुर हाईकोर्ट ने पुलिस को दी नसीहत

थाईलैंड के शिक्षा मंत्री प्रसर्ट जंतारारुआंगटोंग ने बताया कि गोलीबारी में 8 लोगों की मौत हुई है। इनमें 3 शिक्षक, 3 छात्र और हमलावर छात्र के दादा-दादी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि हमलावर ने पहले घर पर आपने दादा और दादी को मौत के घाट उतारा फिर स्कूल में आकर गोलीबारी की। दूसरी ओर नोंथबुरी प्रांतीय पुलिस के कमांडर लेफ्टिनेंट कर्नल देचरापी कोंगडी ने कहा कि संदिग्ध छात्र ने अपनी जान भी ले ली।

थाईलैंड के प्रमुख बचाव संगठन पोह टेक तुंग फाउंडेशन की शुरुआती रिपोर्ट में दो मौतों और 15 लोगों के घायल होने की जानकारी दी गई थी। घायलों में एक व्यक्ति की हालत गंभीर बताई गई है। राहत और बचाव दलों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए छात्रों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया और घायलों को अस्पताल भेजा। रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने हमलावर की पहचान एक छात्र के रूप में की है। घटना के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है और सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की विस्तृत पड़ताल कर रही हैं।

यह भी पढ़ें:भोपाल में आवासीय भवनों के व्यावसायिक उपयोग पर बवाल, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर निगम दफ्तर घेरा

दक्षिण-पूर्व एशिया के अन्य देशों की तुलना में थाईलैंड में नागरिकों के बीच हथियार रखने का चलन अपेक्षाकृत अधिक है। स्विट्जरलैंड स्थित स्मॉल आर्म्स सर्वे के 2017 के आंकड़ों के मुताबिक, देश में नागरिकों के पास 1.03 करोड़ से अधिक आग्नेयास्त्र मौजूद थे। यानी प्रति 100 लोगों पर लगभग 15 बंदूकें। वहीं, वाशिंगटन विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूट फॉर हेल्थ मेट्रिक्स एंड इवैल्यूएशन के 2019 के आंकड़े बताते हैं कि दक्षिण-पूर्व एशिया में बंदूक से होने वाली हत्याओं के मामले में थाईलैंड, फिलीपींस के बाद दूसरे स्थान पर है