MI VS KKR Match Preview: मुंबई को हराना नाइट राइडर्स के लिए कभी नहीं रहा आसान
IPL 2020: पांचवें मैच में आज कोलकाता नाइट राइडर्स और मुंबई इंडियंस के खिलाड़ी आमने सामने होंगे, मैच से पहले मुंबई को माना जा रहा है हॉट फेवरेट

नई दिल्ली। आईपीएल का पांचवां मुकाबला आज गत चैम्पियन मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच खेला जाना है। मुंबई इंडियंस का इस सीज़न यह दूसरा मुकाबला है तो वहीं कोलकाता नाइट राइडर्स इस सीज़न पहली बार मैदान में उतरेगी। मुंबई इंडियंस अपना पहला मैच हारने के बाद हर हाल में यह मैच अपने नाम करना चाहेगी। तो वहीं केकेआर इस सीज़न की शुरुआत एक अच्छे ढंग से करना चाहेगी।
मैच से पहले दोनों ही टीमें कागज़ पर मजबूत नज़र आ रही हैं। लेकिन ट्रैक रिकॉर्ड से मुंबई इंडियंस का पलड़ा भारी नज़र आ रहा है। दो बार की चैम्पियन कोलकाता नाइट राइडर्स और चार बार की विजेता मुंबई इंडियंस के बीच अब तक आईपीएल के 25 मुकाबले खेले जा चुके हैं। जिसमें से 19 दफा मुंबई इंडियंस ने बाज़ी मारी है। तो वहीं 6 दफा ही केकेआर को जीत मिल सकी है। ऐसे में मुंबई से पार पाना केकेआर के लिए आसान नहीं होने वाला है।
हालांकि केकेआर के पास आंद्रे रसल और सुनील नरेन जैसे खिलाड़ी हैं जो कि मैच को किसी भी समय अपने टीम के पलड़े में झुका सकते हैं। तो वहीं मुंबई इंडियंस की टीम भी कागज़ और प्रदर्शन दोनों में ही बेहतर है। ऐसे में आज के मैच के रोमांचक होने की उम्मीद की जा रही है।