MP में मौसम का यूटर्न, भोपाल समेत कई जिलों में हुई आंधी बारिश, IMD ने जारी किया 72 घंटे का अलर्ट

मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच अचानक मौसम ने करवट ले ली है है। राजधानी भोपाल समेत कई जिलों में तेज आंधी और बारिश हुई। इससे भीषण गर्मी से तो राहत मिली लेकिन जलजीवन काफी प्रभावित हुआ।

Updated: May 02, 2026, 06:54 PM IST

मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने अचानक करवट ले ली है। शनिवार को राजधानी भोपाल समेत कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि हुई। इसकी वजह से भीषण गर्मी से तो राहत मिली लेकिन जनजीवन काफी प्रभावित हुआ। साथ ही फसलों को भी काफी नुकसान पहुंचा। इसी बीच मौसम विभाग ने राज्य सहित देश के कई हिस्सों में अगले 72 घंटे तक तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है।

भोपाल में शनिवार दोपहर बाद बारिश दर्ज की गई थी। जबकि, रायसेन जिले के कई गांवों में तेज आंधी चली। छुछार गांव में तेज हवाओं के चलते हरशिव वेयरहाउस की टीन की छत उड़ गई। वहां 5000 मीट्रिक टन क्षमता में सरकारी मूंग रखी हुई थी। बरेली और बाड़ी क्षेत्रों में किसानों का अनाज भीगने से सरकारी खरीदी प्रक्रिया प्रभावित हुई है।

यह भी पढ़ें:भोपाल से हटाई गई 70 साल पुरानी आदिवासी बस्ती, पुनर्वास की मांग को लेकर धरने पर बैठे कांग्रेस नेता

वहीं, सीहोर जिले के इछावर, बोरदी, झालकी और भाऊखेड़ी में तेज हवा के साथ बारिश हुई। बोरदी में विनायक वेयरहाउस के बाहर करीब 2 किलोमीटर तक खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में रखी फसल भीग गई। जिसकी वजह से किसानों को भारी नुकसान झेलना पड़ा।

बालाघाट में दोपहर करीब 1:30 बजे गरज-चमक के साथ तेज बारिश हुई थी। नगर पालिका परिसर में तेज हवा से एक पेड़ गिर गया। इस दौरान कोई जानहानी तो नहीं हुई लेकिन नीचे खड़ी बाइक दब गई। वहीं, श्यामपुर रोड (सीहोर) के जाखाखेड़ी में भी पेड़ सड़क पर गिरने से रास्ता बाधित हुआ। ब्यावरा में आंधी के कारण दुकानों के फ्लेक्स उड़ गए थे। जबकि, पिपरिया में धूल भरी आंधी के साथ हल्की बारिश हुई।

यह भी पढ़ें:बरगी क्रूज हादसे में 9 मौतों के बाद एक्शन में सरकार, CM मोहन ने तीन कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त की

नर्मदापुरम में तेज हवा और बारिश के कारण मंडी में रखा गेहूं और चना भीग गया और टीन शेड के अंदर पानी भर गया। मीनाक्षी चौक के पास पेड़ गिरने से यातायात प्रभावित हुआ। नरसिंहपुर जिले में भी आंधी का असर देखने को मिला, जहां तेंदूखेड़ा तहसील के ढिगसरा गांव में सैकड़ों साल पुराना आम का पेड़ गिर गया। जिला अस्पताल की बिजली करीब आधे घंटे तक गुल रही थी। जिससे मरीजों और परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

दूसरी तरफ राजधानी भोपाल के रातीबड़ क्षेत्र के बेरखेड़ी में तेज आंधी के दौरान एक विशाल बरगद का पेड़ मकान पर गिर गया। यहां भी किसी तरह की जानहानी नहीं हुई लेकिन घर को नुकसान पहुंचा। मौसम विभाग के अनुसार यह बदलाव प्री मानसून गतिविधियों का हिस्सा है। विभाग ने चेतावनी दी है कि मध्य प्रदेश सहित उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार, छत्तीसगढ़ और दक्षिण व पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में अगले 72 घंटे तक तेज हवाएं (40-50 किमी प्रति घंटा), बारिश, बिजली गिरने और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की संभावना है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अल नीनो का प्रभाव इस साल बारिश के पैटर्न को प्रभावित कर सकता है।

यह भी पढ़ें:ग्वालियर में जनगणना कर्मियों के लिए खास पहल, बेहतरीन काम पर मिलेगा आकर्षक पुरस्कार