Choreographer Saroj Khan : मशहूर कोरियोग्राफर सरोज खान का निधन

सरोज खान ने 200 से अधिक फिल्मों के लिए की कोरियोग्राफी, तीन बार पाए नेशनल अवॉर्ड

Publish: Jul 03, 2020, 09:08 PM IST

फिल्म इंडस्ट्री के लिए यह साल बुरा साबित हो रहा है। इंडस्‍ट्री को आज एक और झटका लगा है। मशहूर कोरियोग्राफर और जिंदादिल इंसान सरोज खान का मुंबई में निधन हो गया। सांस लेने में तकलीफ की शिकायत के बाद 72 साल की सरोज खान को 20 जून को बांद्रा स्थित एक अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। सरोज खान के निधन का कारण कार्डियक अरेस्ट बताया गया है। उनकी कोविड-19 जांच निगेटिव आई थी। उनके निधन से बॉलीवुड में शोक की लहर है।

बॉलीवुड की मशहूर डांस कोरियोग्राफर सरोज खान ने 200 से अधिक फिल्मों के लिए कोरियोग्राफी की है। असिस्टेंट कोरियोग्राफर के रूप में कॅरियर शुरू करने वाली सरोज खान की बतौर कोरियोग्राफर पहली फिल्‍म 1974 में आई फिल्म 'गीता मेरा नाम' थी। सरोज खान ने 'तेजाब', 'खलनायक', 'मिस्टर इंडिया', 'चालबाज', 'नगीना', 'चांदनी', 'हम दिल दे चुके सनम',  'देवदास' जैसी कई हिट फिल्मों में कोरियोग्राफ किया है। 'निंबुड़ा-निंबुड़ा', 'एक दो तीन', 'डोला रे डोला', 'काटे नहीं कटते', 'हवा-हवाई', 'ना जाने कहां से आई है', 'दिल धक-धक करने लगा', 'हमको आजकल है इंतजार', 'चोली के पीछे' जैसे कई सुपरहिट गाने उनकी पहचान हैं। सरोज खान को तीन बार नेशनल अवॉर्ड से भी नवाजा जा चुका है। वे अभिनेत्री माधुरी दीक्षित की पसंदीदा कोरियाग्राफर थीं।

सरोज खान का जन्म 22 नवंबर 1948 को मुंबई में हुआ था। उनका असली नाम निर्मला नागपाल था। वह भारत-पाक विभाजन के बाद भारत आई थीं। उन्होंने अपने डांस टीचर सोहनलाल से ही शादी की थी।