Raipur: कांग्रेस विधायक की राम भक्ति, बाँटे एक लाख दीये

Ram Mandri Bhoomi Poojan: कांग्रेस विधायक विकास उपाध्याय ने बांटे मिट्टी के दीपक, बुधवार को दिवाली मनाने की अपील

Updated: Aug 05, 2020, 06:36 AM IST

रायपुर। बुधवार को अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन होगा, जिसे लेकर देशभर में प्रसन्नता का मौहाल है। छत्तीसगढ़ भगवान श्रीराम का ननिहाल कहा जाता है। रायपुर में भी मंदिर निर्माण को लेकर अब विभिन्न तरह के आयोजन किए जा रहे हैं। रायपुर पश्चिम से कांग्रेस के विधायक विकास उपाध्याय ने एक लाख से ज्यादा मिट्टी के दीपकों का वितरण किया और लोगों से घरों में दीया जलाने और भगवान राम की आस्था के साथ जुड़ने की अपील की।

कांग्रेस विधायक विकास उपाध्याय का कहना है कि राम जन्मभूमि पर भगवान राम के मंदिर की स्थापना के लिए पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने भी सपने देखे थे। राजीव गांधी ने ही 1985 में राम मंदिर के दरवाजे खुलवाए थे और 1986 में उन्होंने पूजा अर्चना की बात की थी। जिसके बाद आखिरकार सुप्रीम कोर्ट ने राम मंदिर निर्माण पर फैसला सुनाया। राम मंदिर निर्माण के भूमि पूजन से पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी का सपना भी साकार हो रहा है। कांग्रेस विधायक ने इस मौके को यादगार बनाने के लिए लोगों से दीपावली मनाने की अपील की और मिट्टी के दिए का वितरण किया।

इस मौके पर रायपुर के कई चौक-चौराहों पर कई संगठनों ने बैनर-पोस्टर और झंडे भी लगाए हैं। जिनमें राम मंदिर निर्माण की शुभकामनाएं और लोगों को घरों में दीप प्रज्वलन कर भगवान राम की पूजा करने की अपील भी की गई है। गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ को भगवान श्रीराम का ननिहाल कहा जाता है। जिस तरह से उत्तर प्रदेश में खुशियों को हर्ष और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। वैसे ही छत्तीसगढ़ में भी दीपावली मनाई जाएगी।