CM विष्णु देव साय के गढ़ में चला कांग्रेस का पंजा, नगर पंचायत अध्यक्ष चुनाव में विनय शील ने मारी बाजी
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जी के विधानसभा क्षेत्र कुनकुरी में भाजपा की हार उनके कथित सुशासन की हार है। जुमलों की गारंटी से जनता का भरोसा उठ चुका है: भूपेश बघेल

कुनकुरी। छत्तीसगढ़ के नगरीय निकायों में महापौर, पार्षद और नगर पालिका अध्यक्ष चुनाव की काउंटिंग चल रही है। कई जगहों के रूझान आ रहे हैं तो कुछ जगहों से परिणाम भी स्पष्ट हो गए हैं। इन सबके बीच सीएम विष्णु देव साय के गढ़ कुनकुरी में कांग्रेस ने बड़ा उलटफेर किया है। यहां कांग्रेस प्रत्याशी विनय शील ने नगर पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में जीत दर्ज की है।
कुनकुरी नगर पालिका में कांग्रेस प्रत्याशी विनय शील ने BJP प्रत्याशी सुतबल यादव को हराकर अध्यक्ष पद पर कब्जा कर लिया है। कुनकुरी विधानसभा क्षेत्र से ही मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय विधायक हैं। कांग्रेस प्रत्याशी विनयशील ने सुदबल राम यादव को 81 वोटों से हराया है। BJP-कांग्रेस दोनों पार्टियों में से कुल 15 वार्डों में 08 पर BJP और 07 पर कांग्रेस ने जीत हासिल की है। यहां दूसरी बार भी रिकाउंटिंग कराई गई थी लेकिन उसमें भी हुई कांग्रेस ने विनय की जीत हुई।
विनय शील प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य रहे हैं। साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के अहम राजनीति सलाहकार रहे हैं। वे राहुल गांधी के साथ भारत जोड़ो यात्रा में बतौर भारतयात्री शामिल थे। चूंकि, कुनकुरी विधानसभा सीट से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय विधायक हैं। ऐसे में यह जीत कांग्रेस के लिए बेहद अहम मानी जा रही है।
विनय शील के निर्वाचित होने पर पूर्व सीएम भूपेश ने हर्ष व्यक्त करते हुए सीएम साय को निशाने पर लिया है। भूपेश बघेल ने ट्वीट किया, 'मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जी के विधानसभा क्षेत्र कुनकुरी में भाजपा की हार उनके कथित सुशासन की हार है। जुमलों की गारंटी से जनता का भरोसा उठ चुका है। कुनकुरी नगर पंचायत के नवनिर्वाचित अध्यक्ष विनयशील गुप्ता सहित सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बधाई।'