Korba: मारपीट के विरोध में निजी डॉक्टरों की हड़ताल

Doctors Protest: कोरबा में डॉक्टर से मारपीट के विरोध में निजी अस्पतालों की OPD बंद, एक आरोपी गिरफ्तार

Updated: Aug 27, 2020, 02:14 AM IST

कोरबा। नवजीवन नर्सिंग होम के डॉक्टर और सहकर्मी की पिटाई से नाराज डाक्टर बुधवार को हड़ताल पर हैं। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के आह्वान पर कोरबा इकाई ने काम बंद कर रखा है। IMA की हड़ताल के बाद पुलिस ने मारपीट के एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

दरअसल नवजीवन नर्सिंग होम में इलाज के लिए आई एक गर्भवती महिला के गर्भ में उसके शिशु की मौत हो गई थी। जिसके बाद महिला के परिजनों ने डॉक्टर और दूसरे स्टाफ को पीट दिया था। अस्पताल प्रबंधन ने मामले की शिकायत थाने में दर्ज करवाई थी। पुलिस द्वारा मामले की अनदेखी के खिलाफ डॉक्टरों ने मोर्चा खोल दिया है। जिसके बाद आज पुलिस एक्टिव हुई और एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया।

आपको बता दें कि जाने माने वकील विक्रम जायसवाल की डेंटिस्ट बहन डॉक्टर प्रीति कौशिक कोरबा के कोसाबाड़ी में स्थित नवजीवन नर्सिंग होम में डिलीवरी के लिए आई थीं। 16 अगस्त को डिलेवरी दौरान गर्भ में ही बच्चे की मौत हो गई, जिसके बाद प्रसूता के भाई विजय जायसवाल, पति शशिकांत कौशिक ने डॉक्टर बंछोर और उनकी पत्नी से मारपीट और गाली गलौज की जिसका वीडियो वायरल हुआ था।

नवजीवन अस्पताल के प्रसूति एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉक्टर रोहित बंछोर की पिटाई के बाद पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की थी। डाक्टरों ने पुलिस पर ढुलमुल कार्रवाई का आरोप लगाया था। जिसके बाद प्राइवेट डॉक्टरों ने एक दिन की हड़ताल कर दी है। उनकी मांग है कि आरोपी की जल्द से जल्द गिरफ्तारी हो।

डाक्टरों ने एलान किया है कि बुधवार को 24 घंटे के लिए सभी प्रकार की मेडिकल सेवाएं बंद रहेंगी। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के आह्वान पर कोरबा के सभी प्राइवेट अस्पताल, क्लीनिक और नर्सिंग होम बंद हैं। जिससे अस्पतालों में मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।