वेदांता प्लांट हादसे में एक और घायल की हुई मौत, मृतकों की संख्या बढ़कर हुई 24
वेदांता पावर प्लांट में 14 अप्रैल को हुए बॉयलर विस्फोट में एक और घायल मनीष कुमार की मौत हो गई। जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर 24 हो गई है।
सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती स्थित वेदांता पावर प्लांट में हुए भीषण हादसे में एक और घायल ने दम तोड़ दिया है। गंभीर रूप से झुलसे झारखंड के रहने वाले मनीष कुमार ने इलाज के दौरान मेडिकल कॉलेज में जान गंवा दी। इस मौत के साथ ही हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 24 हो गई है। यह दुर्घटना 14 अप्रैल की दोपहर बॉयलर-1 में ट्यूब फटने के कारण हुई थी।
हादसे के बाद घायल मजदूरों का इलाज अब भी जारी है। जिले के अलग-अलग अस्पतालों में कुल 9 लोग भर्ती हैं। जिनमें तीन की हालत नाजुक बनी हुई है। डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है लेकिन परिजनों की चिंता कम नहीं हो रही। खास तौर पर जिंदल अस्पताल में सबसे ज्यादा 6 घायलों का उपचार चल रहा है। यहां विशेषज्ञ डॉक्टर उनकी हालत पर नजर बनाए हुए हैं।
इस हादसे ने कई परिवारों को गहरे संकट में डाल दिया है। बड़ी संख्या में मजदूर झुलस गए थे। जिनमें से अब तक कुल 35 लोग गंभीर रूप से प्रभावित हुए हैं। शुरुआती क्षणों में ही चार मजदूरों की मौके पर मौत हो गई थी। मृतकों में पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड और छत्तीसगढ़ के कामगार शामिल हैं। जो रोजी रोटी के लिए यहां काम कर रहे थे।
प्रारंभिक जांच में प्लांट प्रबंधन पर सवाल खड़े हो रहे हैं। बताया जा रहा है कि तकनीकी खामियों के संकेत पहले से मौजूद थे। बावजूद इसके संचालन जारी रखा गया। इसी लापरवाही को हादसे की बड़ी वजह माना जा रहा है। विस्फोट इतना तेज था कि बॉयलर की संरचना को भी भारी नुकसान पहुंचा।




