कांग्रेस लोगों के विश्वास पर खरी उतरी है, छत्तीसगढ़ में हम दोबारा बनाएंगे सरकार: टीएस सिंहदेव

मैंने कभी मुख्यमंत्री बनने के लिए जनता से वोट नहीं मांगा है। मुख्यमंत्री बनाने का काम हाईकमान का है। मैं पहले भी कह चुका हूं कि किसी दल में नहीं जाऊंगा: टीएस सिंहदेव

Updated: Apr 20, 2023, 07:22 PM IST

रायपुर। छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव में दोबारा कांग्रेस की सरकार बनने का दावा किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोगों के विश्वास पर खरी उतरी है और राज्य में हम दोबारा सत्ता में आएंगे।

दरअसल, टीएस सिंहदेव बुधवार को बिलासपुर में जीएसटी कार्यालय का निरीक्षण करने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने प्रेस से बातचीत के दौरान कहा कि, 'छत्तीसगढ़ कांग्रेस के लिए बहुत परंपरागत उपजाऊ भूमि की तरह है। छत्तीसगढ़ को हमेशा से कांग्रेस का गढ़ माना जाता रहा है। लेकिन, कभी भी ओवर कॉन्फिडेंस नहीं होना चाहिए। पिछले चुनाव में भाजपा को कम सीट मिली। ऐसे में भाजपा का मनोबल टूटा हुआ है। भाजपा हमेशा संघर्ष करते दिखी है। लेकिन अब वैसी स्थिति नहीं दिखती है।'

यह भी पढ़ें: बीजेपी ने मध्य प्रदेश को अंदर से खोखला कर दिया, बीना में शिवराज सरकार पर बरसे कमलनाथ

सिंहदेव ने आगे कहा, '2023 में कांग्रेस रिपीट होगी, ऐसी उम्मीद है। कांग्रेस ने बहुत कुछ बुनियादी काम किया है। किसानों के हित में काम किया है। शहरी क्षेत्रों में भी काम हुआ है, और लोगों के विश्वास में खरा उतरने का प्रयास किया गया है। जिसका लाभ मिलेगा।' पार्टी बदलने के सवाल पर उन्होंने कहा, 'मैं पहले भी कह चुका हूं कि किसी दल में नहीं जाऊंगा और भाजपा में किसी से दुश्मनी नहीं है। लेकिन, भाजपा से मेरे विचार नहीं मिलते। अगर, भाजपा के कार्यकर्ता नहीं चाहते तो यह अच्छा है। चुनाव में जैसा रहा हूं, वैसा ही रहूंगा।'

सीएम फेस को लेकर उन्होंने कहा, 'मैने कभी मुख्यमंत्री बनने के लिए जनता से वोट नहीं मांगा है। मुख्यमंत्री बनाने का काम हाईकमान का है। हां, लोग ये जरूर सोचते थे कि मैं CM बनूं।' केंद्रीय राज्यमंत्री रेणुका सिंह के बयान पर कहा, मुझे कमजोर पाकर रेणुका खुश हैं, तो मुझे भी खुशी है। दरअसल, बिलासपुर दौरे के दौरान केंद्रीय राज्यमंत्री रेणुका सिंह ने कहा था, टीएस बाबा कमजोर हो चुके हैं।