शेयर बाजार खुलते ही गुलजार, 1000 अंक उछला सेंसेक्‍स, निफ्टी भी 22800 के पार

घरेलू स्टॉक मार्केट में आज शानदार रौनक दिख रही है। सेंसेक्स और निफ्टी जोरदार बढ़त के साथ खुले हैं। इस रौनक में आज मार्केट खुलते ही निवेशकों की दौलत ₹7 लाख करोड़ से अधिक बढ़ गई।

Updated: Mar 24, 2026, 11:08 AM IST

मुंबई। एशियाई मार्केट में छाई रौनक के बीच घरेलू स्टॉक मार्केट में भी आज खरीदारी का शानदार रुझान दिख रहा है। घरेलू इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स और निफ्टी में जोरदार तेजी है। निफ्टी के सभी सेक्टर्स के इंडेक्स ग्रीन हैं। मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी अच्छी खरीदारी का रुझान है। ओवरऑल बात करें तो बाजार खुलते ही BSE पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप ₹7.56 लाख करोड़ बढ़ गया है। यानी निवेशकों की दौलत मार्केट खुलते ही ₹7.56 लाख करोड़ बढ़ गई है।

मंगलवार के कारोबार के दौरान सुबह 9:30 के करीब, सेंसेक्‍स 986 अंकों की बढ़त के साथ 73,683.07 के लेवल पर ट्रेड करता दिखा। वहीं निफ्टी 308.90 अंकों की बढ़त के साथ 22,821.55 के लेवल पर कारोबार करता दिखा। आज बैंकिंग और ऑटो शेयर्स में सबसे ज्यादा खरीदारी है।

बाजार में इस उछाल की मुख्य वजह राष्ट्रपति ट्रंप का वह बयान है जिसमें उन्होंने कहा कि पिछले दो दिनों में अमेरिका और ईरान के बीच बहुत अच्छी और रचनात्मक बातचीत हुई है। ट्रंप ने अगले 5 दिनों के लिए ईरान के पावर प्लांट और ऊर्जा ठिकानों पर किसी भी तरह के सैन्य हमले को टालने का निर्देश दिया है। इससे बाजार में पॉजिटिव सेंटीमेंट बने हैं।

भारतीय शेयर बाजार में जहां एक ओर 'ट्रंप के शांति संदेश' से रौनक लौटी है, वहीं दूसरी ओर भारतीय करेंसी रुपया लगातार दबाव में नजर आ रहा है। मंगलवार को शुरुआती कारोबार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 18 पैसे टूटकर 93.71 के स्तर पर पहुंच गया। हालांकि बाद में ये संभला और 93.64 के स्‍तर पर ट्रेड करता दिखा।

शेयर बाजार में कल यानी 23 मार्च को बड़ी गिरावट रही थी। सेंसेक्स 1837 अंक यानी 2.46 फीसदी की गिरावट के साथ 72,696 पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी में भी 602 अंक यानी 2.60 फीसदी की गिरावट रही थी। ये 22,513 पर बंद हुआ था। बैंकिंग, ऑटो, मेटल और FMCG शेयर्स में ज्यादा गिरावट रही थी।