ईरान के पावर ग्रिड पर हमले 10 दिन के लिए रुके, तेहरान ने खुद मांगी थी मोहलत: डोनाल्ड ट्रंप
ट्रंप ने कहा कि ईरान ने उसके ऊर्जा ढांचे पर होने वाले अमेरिकी हमलों को रोकने के लिए 7 दिनों का समय मांगा था, लेकिन उन्होंने इस अवधि को बढ़ाकर 10 दिन कर दिया और नई समय सीमा 6 अप्रैल तय की।
मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने बड़ा बयान दिया है। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि ईरान ने उसके ऊर्जा ढांचे पर होने वाले अमेरिकी हमलों को रोकने के लिए 7 दिनों का समय मांगा था, लेकिन उन्होंने इस अवधि को बढ़ाकर 10 दिन कर दिया और नई समय सीमा 6 अप्रैल तय की।
ट्रंप ने कहा कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच ईरान ने कूटनीतिक बातचीत के तहत उनकी प्रशासन से अतिरिक्त समय की मांग की थी। उन्होंने ट्रुथ सोशल पर लिखा, 'हमने ईरान की सरकार की गुज़ारिश पर उसके एनर्जी प्लांट्स पर 10 दिनों तक के लिए हमले टाल दिए हैं । ये छूट 6 अप्रैल 2026 रात 8 बजे तक लागू रहेगी।'
इससे पहले सोमवार को उन्होंने इसे लेकर पांच दिन की मोहलत दी थी जो आज शुक्रवार को ख़त्म हो रही है। ट्रंप ने यह भी दावा किया कि ईरान के साथ बातचीत जारी है। ट्रंप ने लिखा कि फ़ेक न्यूज़ मीडिया के दावों के उलट हमारी बातचीत बहुत अच्छी चल रही है।
दूसरी ओर ईरान का खाड़ी देशों में मौजूद अमेरिकी सहयोगियों पर हमले शुक्रवार को भी जारी रहा। प्रेस टीवी की रिपोर्ट के मुताबिक ईरान की रिवोल्यूशनरी फोर्स (IRGC) ने इजराइल, UAE, कतर, कुवैत और बहरीन में मौजूद अमेरिकी ठिकानों पर हमला किया।
उधर, इजराइल की सेना (IDF) ने दक्षिणी लेबनान के सेजौद गांव के लोगों से जल्द से जल्द निकलने को कहा है। सेना प्रवक्ता ने कहा है कि इलाके में हिजबुल्लाह के ठिकानों के खिलाफ सैन्य कार्रवाई की तैयारी की जा रही है, इसलिए लोगों को तुरंत वहां से निकल जाना चाहिए।




