शंघाई बना कोरोना का नया हॉटस्पॉट, आज से लगा लॉकडाउन 

महानगर में दो चरणों में लगाया गया लॉकडाउन, कोरोना के नए सब वैरिएंट बीए.2 के मामलों में बढ़ोत्तरी के बाद प्रशासन ने लिया फैसला 

Publish: Mar 28, 2022, 04:18 AM IST

नई दिल्ली। 
कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए चीन के प्रमुख महानगर शंघाई में आज से दो चरणों में लॉकडाउन लागू किया गया है। शंघाई से पहले भी चीन के कई शहरों में कोरोना के नए वैरिएंट के कारण लॉकडाउन लगाया जा चुका है। 2 करोड़ 60 लाख की आबादी वाले शंघाई शहर में हाल के दिनों में कोरोना के मामलों में रिकॉर्ड बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है। जिसके बाद प्रशासन को लॉकडाउन लगाना पड़ा है। 
विश्व स्वास्थ संगठन के अनुसार ओमीक्रॉन के नए सब वैरिएंट बीए.2 के कारण चीन, हॉंगकॉंग, यूरोप के कुछ देशों और अमेरिका में संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। संगठन के अनुसार यह नया सब वैरिएंट बहुत संक्रामक है। शंघाई में गुरुवार को 1609, शुक्रवार को 2267 और शनिवार को 2676 नए संक्रमित मरीज मिले हैं। इसे देखते हुए शंघाई  के स्थानीय प्रशासन ने महानगर में दो चरणों में लॉकडाउन लगाने का फैसला किया है। पहले चरण में हुआंगपु नदी के पूर्व में स्थित पुडोंग और अन्य इलाके में लॉकडाउन लागू किया गया है। इन इलाकों को 28 मार्च से 1 अप्रैल तक बंद करके सघन कोविड टेस्टिंग की जाएगी। शेष क्षेत्रों में 1 अप्रैल से 5 अप्रैल के बीच लॉकडाउन लागू होगा।
लॉकडाउन के दौरान लोगों को अपने घरों से निकलने पर पाबंदी रहेगी। साथ ही सार्वजनिक परिवहन और कार हेलिंग सेवाएं भी बंद रहेंगी। बिना अनुमति के सड़कों पर निजी कारें नहीं चलेंगी। बंद के दौरान सार्वजनिक सेवाओं और खाद्य आपूर्ति में लगी कंपनियों को छोड़कर सभी कंपनियां और कारखाने बंद रहेंगे। 
चीन की शून्य कोविड रणनीति के तहत शंघाई महानगर में लॉकडाउन लगाया गया है। प्रशासन ने लोगों से बंद का समर्थन करने और कोरोना परीक्षण में शामिल होने को कहा है, ताकि नए संक्रमण को जल्दी से जल्दी नियंत्रण में लाया जा सके। चीन की शून्य कोविड रणनीति और कोरोना के नए संक्रमण के कारण देश के विभिन्न हिस्सों में लगाए गए लॉकडाउन के चलते करीब 23 हजार भारतीय छात्र वहां फंस गए हैं।