एलन मस्क ने छोड़ा ट्रम्प सरकार का साथ, सोशल मीडिया पर दी इस्तीफे की जानकारी
ट्रम्प ने मस्क को डिपार्टमेंट ऑफ गवर्नमेंट एफिशिएंसी (DOGE) का जिम्मा दिया था। जिसका काम सरकार की फिजूलखर्ची कम करना था।

टेस्ला के मालिक और अमेरिकी अरबपति इलॉन मस्क ने डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन का साथ छोड़ दिया है। उन्होंने गुरुवार सुबह 5.30 बजे सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर यह जानकारी दी। मस्क ने कहा कि स्पेशल गवर्नमेंट एंप्लायी के तौर पर मेरा समय पूरा हुआ। उन्होंने इस जिम्मेदारी के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प को धन्यवाद भी दिया।
ट्रम्प ने मस्क को डिपार्टमेंट ऑफ गवर्नमेंट एफिशिएंसी (DOGE) का जिम्मा दिया था। जिसका काम सरकार की फिजूलखर्ची कम करना था। बताया जा रहा है कि मस्क उस बिल का विरोध कर रहे थे जिसे ट्र्म्प ने बिग ब्यूटीफुल बताया था। DOGE छोड़ने से पहले मस्क ने कहा कि DOGE का काम खर्चों में कटौती करना है और यह बिल उस मकसद के खिलाफ है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक ट्रम्प ने राष्ट्रपति बनने के बाद DOGE प्रमुख के तौर पर मस्क की नियुक्ति 30 मई 2025 तक के लिए ही की थी। यानी जब मस्क ने इस्तीफा दिया, उसके एक दिन बाद ही उनका कार्यकाल खत्म हो रहा था। चर्चा है कि डिपार्टमेंट छोड़ने के बाद मस्क अब ट्रम्प का साथ भी छोड़ेंगे। मस्क ने DOGE छोड़ने से एक दिन पहले अमेरिकी टीवी चैनल CBS को दिए इंटरव्यू में कहा था कि राजनीति में जितना करना था कर लिया।