भारत आ रहे कार्गो शिप की समंदर में हाईजैकिंग, हूती विद्रोहियों ने जारी किया वीडियो
तुर्की से जहाज़ भारत की ओर जा रहा था जब कल उसे हाइजैक कर लिया गया। रोंगटे खड़े कर देने वाली दो मिनट की क्लिप में शिप हाइजैक को दिखाया गया है।

यमन के विद्रोही संगठन हूती ने लाल सागर में एक मालवाहक जहाज को हाईजैक कर लिया। यह अंतरराष्ट्रीय मालवाहक जहाज तुर्किये से भारत जा रहा था। इस जहाज में यूक्रेनी, बल्गेरियाई, फिलिपिनो और मैक्सिकन के 25 सदस्य हैं। वैसे तो यह जहाज ब्रिटिश मालवाहक कंपनी का है। लेकिन इसका इजरायली संबंध भी सामने आया है।
हूती विद्रोहियों ने शिप हाइजैक करने का 2 मिनट का वीडियो भी शेयर किया है। इस वीडियो में हूती लड़ाके एक हेलिकॉप्टर से जहाज पर कूदते दिखाई दे रहे हैं। उनके हाथों में बंदूकें नजर आ रही हैं। हूती विद्रोही जिस हेलिकॉप्टर से जहाज पर कूदते हैं उस पर फिलिस्तीन का झंडा बना हुआ है। लड़ाकों को जहाज पर उतारने के बाद हेलिकॉप्टर वहां से तुरंत निकल जाता है। इसके बाद हूती शिप के ऑपरेटिंग एरिया का दरवाजा खुलवाते हैं और वहां मौजूद क्रू को बंदूकों को डर दिखाकर एक तरफ जाने को कहते हैं।
बताया जा रहा है कि ये उस वक्त का वीडियो है जो हुती विद्रोहियों ने रेड सी में तुर्की से भारत आ रहे मालवाहक जहाज़ गैलेक्सी लीडर को हाईजैक करते वक्त रिकॉर्ड किया…कैसे हथियारबंद विद्रोही हेलीकॉप्टर के ज़रिए जहाज़ पर पहुँचे और क़ब्ज़ा किया, क्रू को बंधक बनाया..उनका मानना है कि जहाज़… pic.twitter.com/nWK8YOKIXg
— Kadambini Sharma (@SharmaKadambini) November 20, 2023
इजरायली सेना ने भी जहाज को हाईजैक करने की पुष्टि की है। इजरायल ने इसे ईरानी आतंकवाद का एक और जीता जागता उदाहरण बताया। हूती ने ये जहाज ऐसे वक्त पर हाईजैक किया, जब हमास और इजरायल के बीच भीषण युद्ध चल रहा है। हूती विद्रोही भी इस युद्ध में हमास का साथ दे रहे हैं। हूती लड़ाके इजरायल पर मिसाइलें भी दाग रहे हैं। ऐसे में हमास ने हूती को जहाज हाईजैक करने के लिए धन्यवाद कहा है।
इजरायली सेना ने बताया कि जहाज तुर्की से भारत की ओर जा रहा था। जहाज में इजरायली नागरिक सवार नहीं थे। हालांकि, जहाज पर यूक्रेनी, बल्गेरियाई, फिलिपिनो और मैक्सिकन समेत विभिन्न देशों के 25 चालक दल के सदस्य सवार थे। इजरायल ने कहा, जहाज का स्वामित्व एक ब्रिटिश कंपनी के पास है और इसका संचालन एक जापानी फर्म करती है। यही वजह है कि जापान ने जहाज और क्रू मेंबर्स को छुड़वाने के लिए सीधे हूती विद्रोहियों से संपर्क किया है।