India-Pakistan : भारत का कूटनीतिक दबाव काम आया, दोनों कर्मचारी रिहा

पाकिस्तान ने आश्वस्त किया कि दोनों कर्मचारियों के साथ प्रताड़ना नहीं हुई

Publish: Jun 16, 2020, 08:31 PM IST

भारतीय उच्चायोग के दो अफसरों डी ब्रहमु और एस पॉल को इस्लामाबाद पुलिस ने रिहा कर दिया है। इस्लामाबाद पुलिस ने दोनों ही स्टाफ को हिट एंड रन मामले में गिरफ्तार किया था। पाकिस्तानी मीडिया के अनुसार सोमवार सुबह जब दोनों अफसर अपने कार्यस्थल की ओर जा रहे थे तभी उनकी कार से एक राहगीर ज़ख्मी हो गया। जिसके बाद इस्लामाबाद पुलिस ने दोनों ही अधिकारियों को अपनी हिरासत में ले लिया था। 

गौरतलब है कि पाकिस्तान में भारतीय उच्चायोग के दो स्टाफर्स की सोमवार सुबह से ही लापता होने की खबर आ रही थी। जिसके बाद अफसरों की गुमशुदगी गुत्थी बनी हुई थी। कयास यह लगाए जा रहे थे कि दोनों को पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ने अपने कब्ज़े में रखा हुआ है। हालांकि सोमवार शाम तक अधिकारियों की गुमशुदगी की गुत्थी सुलझ गई। पाकिस्तानी मीडिया के हवाले से जानकारी मिली कि दोनों ही हिट एंड रन मामले में इस्लामाबाद पुलिस की हिरासत में हैं।

भारत का कूटनीतिक विरोध काम आया 

सोमवार शाम को पाकिस्तानी मीडिया के हवाले से खबर सामने आई कि दोनों गुमशुदा अधिकारियों को हिट एंड रन मामले में गिरफ्तार किया गया है। इसके साथ ही दोनों ही अधिकारियों की कार क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिली थी। हालांकि पाकिस्तानी पुलिस ने यह दावा किया कि अधिकारी जब घटना के बाद भागने की कोशिश कर रहे थे तब गुस्साई भीड़ ने उनकी कार पर हमला किया, जिससे वह क्षतिग्रस्त हो गया। अधिकारियों की गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही भारत के विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तान के सीडीए को समन किया था। जिसमें विदेश मंत्रालय ने साफ शब्दों में चेताया था कि अधिकारियों को किसी भी तरह से प्रताड़ित न किया जाए। जिसके बाद दोनों ही अधिकारियों को रिहा कर दिया गया है।