यूक्रेन का मॉस्को में बड़ा ड्रोन हमला, रूसी सेना की 400KM लंबी ईंधन पाइपलाइन तबाह की

यूक्रेन की खुफिया एजेंसी HUR ने मॉस्को के पास 400 किमी लंबी कोल्त्सेवॉय फ्यूल पाइपलाइन पर हमला कर रूसी सेना की ईंधन सप्लाई रोक दी। तीनों लाइनें नष्ट हो गईं। पाइपलाइन हर साल लाखों टन पेट्रोल, डीजल और जेट ईंधन सप्लाई करती थी।

Updated: Nov 01, 2025, 05:25 PM IST

Photo Courtesy: DB
Photo Courtesy: DB

कीव। यूक्रेन की खुफिया एजेंसी HUR ने शुक्रवार देर रात रूस की राजधानी मॉस्को के पास स्थित 400 किलोमीटर लंबी फ्यूल पाइपलाइन कोल्त्सेवॉय रिंग पर बड़ा हमला किया। यह पाइपलाइन रूस की सेना को पेट्रोल, डीजल और हवाई जहाज के ईंधन की सप्लाई करती थी। हमले के बाद पाइपलाइन पूरी तरह ठप हो गई है। इसकी वजह से रूसी सेना की ईंधन आपूर्ति रुक गई और मॉस्को की अर्थव्यवस्था को भी भारी झटका लगा है।

यूक्रेन की खूफिया एजेंसी HUR ने शनिवार को टेलीग्राम पर पोस्ट जारी कर बताया कि यह ऑपरेशन शुक्रवार रात को अंजाम दिया गया था। एजेंसी के मुताबिक, यूक्रेनी फोर्सेज ने मॉस्को के दक्षिण-पूर्वी इलाके रामेन्स्की जिले के पास स्थित पाइपलाइन के उस हिस्से को निशाना बनाया जहां तीन मुख्य फ्यूल लाइनें मिलती हैं। हमले में तीनों लाइनें एक साथ तबाह हो गई। पाइपलाइन को ड्रोन-रोधी सिस्टम और हथियारबंद गार्डों से सुरक्षित किया गया था। लेकिन बावजूद इतनी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के वे पूरी तरह नाकाम साबित हुए।

यह भी पढ़ें:खंडवा में आवारा कुत्ते के काटने से 7 साल की बच्ची की मौत, परिवार के 10 सदस्यों को लगाया गया एंटी रैबीज इंजेक्शन

यह पाइपलाइन हर साल करीब 30 लाख टन जेट ईंधन, 2.8 लाख टन डीजल और 1.6 लाख टन पेट्रोल ले जाने में सक्षम थी। अब इसके बंद होने से रूस की सैन्य रसद प्रणाली को भारी नुकसान हुआ है। HUR प्रमुख किरिलो बुडानोव ने कहा, “हमारे सीधे हमले रूस पर लगाए गए अंतरराष्ट्रीय आर्थिक प्रतिबंधों से कहीं ज्यादा नुकसान पहुंचा रहे हैं।”

यह हमला यूक्रेन द्वारा रूस के खिलाफ चलाए जा रहे रातभर के ड्रोन ऑपरेशन का हिस्सा था। रूसी सेना ने दावा किया है कि उसने शुक्रवार रात से शनिवार सुबह तक 10 इलाकों में 98 यूक्रेनी ड्रोन मार गिराए थे। हालांकि, कुछ ड्रोन मॉस्को के पास झुकोवस्की शहर और तुला क्षेत्र तक भी पहुंच गए थे। यहां उनके टुकड़े सड़कों पर गिरे जिसकी वजह से ट्रैफिक भी रोकना पड़ा था और इलाके में रातभर बिजली आपूर्ति भी बाधित रही थी।

यह भी पढ़ें:MP: फसल बर्बाद होने से निराश किसान ने पिया कीटनाशक, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

इसी दौरान दक्षिणी यूक्रेन के माइकोलाइव क्षेत्र में रूस ने शनिवार सुबह बैलिस्टिक मिसाइल से हमला किया गया था। इसमें एक नागरिक की मौत हो गई और 15 लोग घायल हुए थे। इनमें एक बच्चा भी शामिल था। क्षेत्रीय प्रमुख विटाली किम ने बताया कि रूस ने इस हमले में इस्कंदर मिसाइल का इस्तेमाल किया था। वहीं, मध्य यूक्रेन के पोल्टावा क्षेत्र में रूसी हमले से एक गैस संयंत्र में आग लग गई थी।

पिछले कुछ हफ्तों से रूस लगातार यूक्रेन की ऊर्जा संरचना को निशाना बना रहा है। इन हमलों के कारण यूक्रेन के कई हिस्सों में बिजली कटौती और सप्लाई पर पाबंदियां लगानी पड़ी हैं। कीव प्रशासन ने इसे ऊर्जा आतंक करार दिया है। रूस के इस हमले के जवाब में यूक्रेन ने रूस की सबसे महत्वपूर्ण सैन्य सप्लाई लाइन पर वार करके यह संदेश दिया है कि वह अब केवल बचाव में नहीं बल्कि सीधे रूसी बुनियादी ढांचे को कमजोर करने की रणनीति पर काम कर रहा है।

यह भी पढ़ें:थाईलैंड के समुद्र में डूबने से भोपाल के युवक की मौत, परिजनों ने जताई साजिश की आशंका