शिवपुरी में बस स्टैंड तक पहुंचा 7 फीट लंबा मगरमच्छ, घंटों की मशक्कत के बाद रेस्क्यू
मध्य प्रदेश के शिवपुरी में सिटी बस स्टैंड के पास 7 फीट लंबा विशालकाय मगरमच्छ निकलने से हड़कंप मच गया। इस मगरमच्छ का वन विभाग ने 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद रेस्क्यू किया।
शिवपुरी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में मंगलवार को उस समय अफरातफरी मच गई जब करीब 7 फीट लंबा मगरमच्छ सिटी बस स्टैंड के पास खुले इलाके में दिखाई दिया। यह विशालकाय मगरमच्छ बस स्टैंड से लगे नाले के किनारे रेंगता हुआ नजर आया था। जिसे देखने के बाद वहां मौजूद यात्रियों में दहशत फैल गई और पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मगरमच्छ को पकड़ने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। हालांकि, मगरमच्छ के आकार और उसकी आक्रामकता के कारण टीम को उसे काबू में करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी थी। करीब दो घंटे की कड़ी कोशिशों के बाद रेस्क्यू टीम ने आखिरकार मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया। इसके बाद उसे शहर से दूर एक गहरे तालाब में छोड़ दिया गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, हाल के दिनों में हुई बारिश के बाद शहर और आसपास के इलाकों में मगरमच्छों की आवाजाही बढ़ गई है। पिछले दो दिनों में यह दूसरी घटना है जब मगरमच्छ रिहायशी या सार्वजनिक स्थानों के पास देखा गया है। इससे पहले शहर के प्रसिद्ध चिंता हरण हनुमान मंदिर के पास एक घर में भी रात के समय मगरमच्छ घुस आया था।
विशेषज्ञों का मानना है कि भारी बारिश के कारण जलस्रोतों का स्तर बढ़ने पर मगरमच्छ अपने प्राकृतिक आवास छोड़कर नालों और बस्तियों की ओर आ जाते हैं। यही वजह है कि इन दिनों शहर में उनकी मौजूदगी बढ़ रही है। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा है कि यदि कहीं मगरमच्छ दिखाई दे तो तुरंत वन विभाग को सूचना दें और खुद से किसी तरह की जोखिम भरी कोशिश न करें।




