भिंड में पूर्व मंत्री के रिश्तेदार के घर चोरी, करोड़ों नकदी और जेवरात लेकर फरार हुए चोर

भिंड में पूर्व मंत्री ओपीएस भदौरिया के चचेरे भाई के घर चोरी हुई है। रात 1 बजे घुसे चोरों ने 2 घंटे में करोड़ों के सोना-चांदी और नकदी साफ कर दिए।

Publish: Apr 25, 2026, 07:23 PM IST

भिंड। मध्यप्रदेश के भिंड जिले में चोरी की एक बड़ी वारदात ने पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। गोरमी थाना क्षेत्र के अकलोनी गांव में शुक्रवार और शनिवार की दरम्यानी रात भाजपा के पूर्व मंत्री ओपीएस भदौरिया के चचेरे भाई के घर चोरों ने धावा बोल दिया। चोर करीब एक करोड़ रुपये की नकदी व जेवरात लेकर फरार हो गए। हैरानी की बात यह है कि चोर लगभग दो घंटे तक घर के अंदर मौजूद रहे थे लेकिन घर में सो रहे लोगों को इसकी भनक तक नहीं लगी।

यह घटना अकलोनी गांव निवासी 60 वर्षीय शिक्षक रामेंद्र सिंह भदौरिया के घर हुई। रामेंद्र सिंह पूर्व मंत्री ओपीएस भदौरिया के चचेरे भाई हैं। जानकारी के मुताबिक, घटना के समय रामेंद्र सिंह घर के निचले हिस्से में सो रहे थे। जबकि, उनके साले सतेंद्र सिंह सिकरवार और उनकी पत्नी छत पर बने कमरे में मौजूद थे।

यह भी पढ़ें:RGPV विश्वविद्यालय में पेपर लीक, परीक्षा से पहले व्हाट्सएप पर बिका फार्मेसी का पेपर, 3 छात्र गिरफ्तार

पुलिस जांच में सामने आया है कि चोर रात करीब एक बजे घर के पीछे की तरफ से पहुंचे थे। घर के पीछे मलबा और निर्माण सामग्री पड़ी थी। जिसकी वजह से छत की ऊंचाई कम हो गई थी। चोरों ने इसी रास्ते का फायदा उठाया और मलबे के सहारे छत पर चढ़कर घर के अंदर प्रवेश कर गए।

घर में दाखिल होने के बाद चोरों ने बेहद सुनियोजित तरीके से अलमारियों और संदूकों के ताले तोड़े और कीमती सामान समेट लिया। बताया जा रहा है कि वे करीब दो घंटे तक घर के अंदर रहे और रात करीब तीन बजे मुख्य दरवाजे से बाहर निकलकर फरार हो गए। जिस बेखौफ अंदाज में चोर मुख्य दरवाजे से निकले उससे यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि उन्हें पकड़े जाने का कोई डर नहीं था।

यह भी पढ़ें:दिल्ली-इंदौर एयर इंडिया फ्लाइट में तकनीकी खराबी, रनवे से लौटा विमान, यात्रियों ने किया हंगामा

परिवार के मुताबिक, चोर लगभग 55 तोला सोना, करीब 2 किलो चांदी और लगभग 10 लाख रुपये नकद ले गए। इसके अलावा घर में रिश्तेदारों के रखे गए अन्य गहने भी चोरी हो गए। कुल नुकसान करीब एक करोड़ रुपये आंका गया है। वारदात के तरीके को देखते हुए पुलिस को आशंका है कि चोरों ने पहले से घर की रेकी की थी। उन्हें यह जानकारी थी कि घर में बड़ी मात्रा में नकदी और जेवर रखे हुए हैं और घर का कौन सा हिस्सा सबसे कमजोर है।

घटना की सूचना मिलने के बाद गोरमी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की मदद से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जबकि, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। चूंकि मामला पूर्व मंत्री के परिवार से जुड़ा है इसलिए पुलिस पर जल्द खुलासा करने का दबाव बढ़ गया है। 

यह भी पढ़ें:JP मंत्री नागर सिंह चौहान के भाई की गुंडागर्दी, महिला CEO को धमकाया

इस बीच एक नया विवाद भी सामने आया है। आरोप है कि गोरमी थाना प्रभारी आशुतोष शर्मा ने पीड़ित रामेंद्र सिंह भदौरिया को मीडिया से बात करने से रोक दिया था। जिसकी वजह से स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ गई। घटना के बाद अकलोनी गांव और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि जब प्रभावशाली परिवार भी सुरक्षित नहीं हैं तो आम लोगों की सुरक्षा पर सवाल उठना स्वाभाविक है। लोगों ने क्षेत्र में रात की पुलिस गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।