पैसा डबल करने के नाम पर ठगी, आर्मी जवान ने महिला मित्र के साथ मिलकर अपने ही बाप से मांगी फिरौती

BTC कंपनी के जरिए पैसा दोगुना करने का दिया झांसा, लोगों से वसूले लाखों रुपए, पैसा लौटाने से बचने के लिए खुद को अगवा करने की रची साजिश, साइबर सेल की मदद से पकड़ाया

Updated: Dec 15, 2021, 02:00 PM IST

Photo Courtesy: Bhaskar
Photo Courtesy: Bhaskar

रीवा। आर्मी के जवान पर लोगों से ठगी का आरोप लगा है। आरोपी जवान रीवा के घोरहा गांव का रहने वाला है, उसने दर्जनों लोगों से पैसे दोगुने करने के नाम पर 27 लाख से ज्यादा की ठगी की है। इस धोखाधड़ी में आरोपी जवान के साथ उसकी एक महिला मित्र भी शामिल है। मामले का खुलासा तब हुआ जब लोगों के पैसे लौटाने में नाकाम ठग ने खुद के अपहरण की साजिश रची।

उसने अपने पिता को फोन कर 20 लाख की फिरौती की डिमांड की। बेटे के अगवा होने की खबर पाकर पिता ने इसकी शिकायत पुलिस में कर दी। आरोपी जवान ने ठगी के शिकार लोगों से बचने के लिए साजिश तो रच दी लेकिन उसे अंदाजा नहीं था कि वह खुद अपने ही जाल में फंस जाएगा। पुलिस में शिकायत के बाद साइबर सेल की मदद से पुलिस ने उस मोबाइल की लोकेशन खोज ली जहां से फिरौती के लिए फोन आया था। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी जवान को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी जवान का नाम पुष्पेन्द्र यादव है। 32 वर्षीय जवान थल सेना में पदस्थ है। छुट्टियों पर आकर उसने लोगों से ठगी करना शुरु कर दिया। इस काम में उसकी महिला मित्र की भी पूरी भागीदारी रही। वो लोगों को फंसाने का काम करती थी। आरोपी ने मुंबई निवासी महिला को भी सेना का अधिकारी बताकर अपने घरवालों से परिचय करवाया था।

पुलिस का कहना है कि आरोपी आर्मी में 2015 से से कार्यरत है। वर्तमान में उसकी पोस्टिंग मेरठ में हैं। वह दो महीने की छुट्टी लेकर अपने गांव आया था। वह शादीशुदा है, उसके एक बच्चा भी है। वह लोगों को BTC कंपनी के नाम पर पैसे डबल करने का झांसा देता था। उसने इसमें रीवा के ग्रामीण और शहरी इलाकों के कई लोगों को इसमें फंसाया था। उसने लोगों को सब्जबाग दिखाया था कि क्रिप्टो करेंसी स्कीम में सुबह पैसे लगाओ और शाम को पैसा दोगुना हो जाएगा। लोगों का भरोसा जीतने के लिए उसने शुरुआत में कई लोगों के पैसे डबल करके लौटाए।

जब लोग ज्यादा रकम लगाने लगे तो उसने उनके पैसे लौटाना बंद कर दिया। जिसके बाद लोगों ने उसके खिलाफ थानों में शिकायत कर दी। लोगों के पैसे लौटाने से बचने के लिए उसने खुद को अगवा करने की साजिश रची और पुलिस की गिरफ्त में आ गया। जब पुलिस ने पूछताछ की, अब रीवा सिटी कोतवाली, समान और लौर थाने में उसके खिलाफ 420 के कई अपराध दर्ज हैं। पुलिस को इसकी लंबे समय से तलाश थी। अब आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ा है, पुलिस को आशंका है कि यह धोखाधड़ी 2 करोड़ से ज्यादा की हो सकती है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।