अपराध, कुपोषण, बेरोजगारी के बाद अब जंगलों की कटाई में भी MP नंबर वन, कांग्रेस ने शिवराज सरकार पर बोला हमला

कांग्रेस सांसद विवेक तन्खा द्वारा राज्यसभा में पूछे गए एक सवाल के जवाब में केंद्र सरकार ने बताया कि पिछले पांच वर्षों में मध्य प्रदेश में 19 हजार हेक्टेयर से अधिक वनों की कटाई हुई।

Updated: Jul 28, 2023, 05:14 PM IST

भोपाल। कांग्रेस के सीनियर नेता व राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने वनों की कटाई का डेटा जारी कर मध्य प्रदेश सरकार पर हमला बोला है। कांग्रेस सांसद ने कहा है कि अपराध, कुपोषण, बेरोजगारी के बाद अब मध्य प्रदेश जंगलों की कटाई में भी देश में नंबर वन है। केंद्रीय वन मंत्रालय ने इस बात की जानकारी दी है।

दरअसल, सांसद विवेक तन्खा ने राज्यसभा में वनों की कटाई को लेकर केंद्र सरकार से राज्यवार जानकारी मांगी थी। इसके लिखित जवाब में केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री अश्विनी चौबे ने बताया कि पिछले पांच वर्षों में मध्य प्रदेश में 19 हजार 730 हेक्टेयर वन भूमि की कटाई हुई है जो देश में सर्वोच्च है। वन कटाई में दूसरे स्थान पर उड़ीसा है। यहां 13 हजार हेक्टेयर वनों की कटाई हुई है।

केंद्र सरकार का आंकड़ा सामने आने के बाद कांग्रेस सांसद विवेक तन्खा ने राज्य सरकार पर निशाना साधा है। तन्खा ने कहा कि केंद्रीय वन मंत्रालय के इस उत्तर से मैं आश्चर्यचकित नहीं हूं। यह स्पष्ट रूप से एमपी में भाजपा के 18 वर्षों के कुशासन को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि अपराध, कुपोषण, बेरोजगारी के बाद अब मध्य प्रदेश देश में वनों के विनाश की सूची में भी नंबर वन है।

मामले पर कांग्रेस प्रवक्ता आनंद जाट ने कहा, 'केंद्र सरकार की यह रिपोर्ट शिवराज सिंह चौहान की नीति और नीयत में फर्क उजागर करती है। नौटंकीबाज मुख्यमंत्री प्रतिदिन एक पौधा लगाने का ड्रामा करते हैं। उधर, इनके माफिया मित्र प्रदेश में अंधाधुंध कटाई करते हैं। माफियातंत्र इतना हावी है कि कटाई के विरुद्ध कार्रवाई करने वाले अधिकारियों को हटवा दिया जाता है।' 

आनंद जाट ने आगे कहा, 'सत्ता संरक्षित माफियाओं ने पिछले दो वर्षों में अकेले बुरहानपुर जिले में अरबों रुपए की सागौन तस्करी की है। बुरहानपुर में जंगल पूरी तरह साफ कर दिया गया। वन कटाई के खिलाफ आवाज उठाने वाले आदिवासियों को सरकार जेल में डाल रही है, झूठे मुकदमे लादे जा रहे हैं। शिवराज सिंह चौहान जी... पाप का घड़ा भर चुका है। चार महीने बाद जनता आपके झूठ के साम्राज्य को ध्वस्त करेगी और कांग्रेस सरकार आपके माफिया मित्रों को जेल भेजेगी।'