भाजपा को चुनाव से पहले एक और झटका, पूर्व विधायक संतोष जोशी ने दिया इस्तीफा

आगर मालवा जिले की सुसनेर विधानसभा से पूर्व विधायक संतोष जोशी ने भाजपा को तगड़ा झटका दिया है। 

Publish: Sep 14, 2023, 06:00 PM IST

आगर मालवा। मध्यप्रदेश में भाजपा को एक के बाद एक झटके लग रहे हैं। भाजपा के कई नेताओं ने इस्तीफा देकर पार्टी की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। एक तरफ जहां भाजपा जन आशीर्वाद यात्रा निकालकर जन समर्थन जुटाने में लगी है। वहीं दूसरी तरफ पार्टी के नेता ही भाजपा का साथ छोड़ रहे हैं। इसी क्रम में आगर मालवा जिले में भाजपा के पूर्व विधायक और संघ के प्रचारक रहे दिग्गज नेता संतोष जोशी ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया।

संतोष जोशी सुसनेर विधानसभा से पूर्व विधायक  रहने के साथ संघ के प्रचारक और गौ संवर्धन बोर्ड के पूर्व उपाध्यक्ष भी रहे हैं। संतोष जोशी ने इस्तीफा देने के बाद जानकारी देते हुए बताया कि सुसनेर क्षेत्र में लोगों में एक निराशा का भाव है। श्रीराम चरम पादुका पूजन के दौरान मैं गांव-गांव गया। हर गांव से 10 से 20 लोग मेरे कान में आकर यही कहते थे कि इस बार मत झुकना। जनता परेशान है परेशान हो गए हैं। उनकी कोई सुनने वाला नहीं है। एक तरह से क्षेत्र में आराजकता का माहौल बना हुआ है। इसलिए मैंने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। 

इस्तीफा देने के बाद संतोष जोशी ने कहा कि वे निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में सुसनेर से विधानसभा चुनाव लड़ेगें। इसके साथ ही उन्होंने संघ के पूर्व प्रचारकों के साथ मिलकर पार्टी बनाकर चुनाव लड़ने की बात  कही।

बता दें इसके पूर्व भाजपा के कई नेता पार्टी से इस्तीफा दे चुके हैं। संतोष जोशी के पहले नर्मदापुरम के पूर्व विधायक गिरिजाशंकर ने भी भाजपा से इस्तीफा देकर कांग्रेस का हाथ थामा था। उनसे पहले कैलारस विधानसभा सीट से भाजपा विधायक वीरेंद्र रघुवंशी ने भी बीजेपी से इस्तीफा दे दिया था।