मध्य प्रदेश विधानसभा में आज धर्म स्वातंत्र्य विधेयक पर चर्चा, लव जिहाद रोकने के नाम पर लाया गया है बिल

शिवराज सरकार धर्म स्वातंत्र्य क़ानून को अध्यादेश के ज़रिए पहले ही लागू कर चुकी है, राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग (संशोधन) विधेयक पर भी आज चर्चा होगी

Updated: Mar 08, 2021, 04:33 AM IST

Photo Courtesy: India Today
Photo Courtesy: India Today

भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा में आज कथित लव जिहाद रोकने के नाम पर लाए गए धर्म स्वातंत्र्य विधेयक पर चर्चा होगी। हालांकि सरकार अध्यादेश लाकर इस कानून को पहले ही लागू कर चुकी है। इसके साथ ही राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग (संशोधन) विधेयक पर भी चर्चा की जाएगी। शिवराज सरकार विधानसभा में आज ही इसे पारित करने की योजना बना रही है। शिवराज सरकार इस कानून को भी अध्यादेश के जरिये पहले ही लागू कर चुकी है।

धर्म स्वातंत्र्य विधेयक पर शुक्रवार को ही विधानसभा में चर्चा होनी थी। लेकिन अन्य ज़रूरी कार्यों की वजह से सदन में इन कानूनों के ऊपर चर्चा नहीं हो पाई थी। कानूनों पर चर्चा होने के साथ साथ भोपाल के दक्षिण पश्चिम विधानसभा से विधायक पीसी शर्मा स्मार्ट सिटी के विस्थापितों का मुद्दा सदन के पटल पर उठाएंगे। 

दूसरी तरफ बीजेपी ने प्रदेश में होने वाले नगर निकाय चुनावों के मद्देनजर विधायक दल की बैठक बुलाई है। यह बैठक मुख्यमंत्री आवास पर होनी है। 2023 में प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने हैं, लिहाज़ा नगर निकाय चुनावों को विधानसभा चुनाव से पहले सेमफाइनल के तौर पर देखा जा रहा है। 

प्रदेश में नगर निकाय चुनावों की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। 12 मार्च को प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों के खातों में दूसरी किस्त की राशि जमा किए जाने के बाद नगर निकाय चुनावों को हरी झंडी मिलने की पूरी संभावना है। निर्वाचन आयोग इसके बाद चुनावों की तारीखों का ऐलान कर सकता है।