बेटियों को विदाई में नकली टीवी और पायलों के नाम पर धोखा दिया, अरुण यादव ने मंत्री भार्गव पर लगाए गंभीर आरोप

सागर के रहली में पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव ने कहा कि भाजपाईयों ने सामुहिक विवाह योजना में नव विवाहित जोड़ों को धोखा देकर नकली टीवी दे दिये, जिसमें करोड़ों की हेराफेरी की गई है।

Updated: Jun 04, 2023, 08:54 PM IST

सागर। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने कमर कस ली है। कांग्रेस के सभी कद्दावर नेता लगातार प्रदेशभर के दौरे पर रहे हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव पिछले तीन दिन से बुंदेलखंड क्षेत्र के दौरे पर हैं। इसी क्रम में रविवार को यादव सागर जिले के रहली पहुंचे। यहां उन्होंने मंत्री गोपाल भार्गव पर कन्यविवाह योजना में घोटाले का आरोप लगाया।

सागर जिले के रहली में प्रेस वार्ता के दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, 'भाजपाईयों ने सामुहिक विवाह योजना में नव विवाहित जोड़ों को धोखा देकर नकली टीवी दे दिये, जिसमें करोड़ों रुपए की हेराफेरी की गई है। भाजपा के राज में भ्रष्टाचार चरम पर हैं और इसकी जांच होनी चाहिए। यहां सरकारी जमीन पर बड़े बड़े मॉल बनाये जा रहे हैं इसकी भी जॉच होनी चाहिए।'

अरुण यादव ने क्षेत्रीय विधायक व प्रदेश सरकार के मंत्री गोपाल भार्गव को निशाने पर लेते हुए कहा कि उन्होंने सरकारी खर्च पर विवाह सम्मेलन के आयोजन में बेटियों को विदाई में खुशियों की जगह नकली टीवी और पायलों के नाम पर छल कपट व धोखा दिया है। यादव ने आगे कहा कि विधानसभा चुनाव में हम कमलनाथ जी के नेतृत्व में आगामी विधानसभा चुनाव लड़ेंगें। 

यादव ने आगे कहा, 'नारी सम्मान योजना कांग्रेस की महत्वाकांक्षी योजना है जिसके अंतर्गत 500 मे रसोई गैस, 1500 रू प्रतिमाह मातृशक्ति को दिए जाएंगे। यह योजना हमारी माताओं और बहनों को महंगाई से राहत दिलायेगी। हमने 2018 में कांग्रेस की सरकार बनते ही कन्या विवाह अंतर्गत 51 हजार रुपए नगद देने की शुरूआत की थी। 2023 में सरकार आने के बाद भी हम इसे यथावत रखेंगे। साथ ही प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर कर्मचारियों की पुरानी पेंशन, नियमितीकरण की मांगों पर अमल किया जाएगा। साथ ही शिक्षित युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान किये जाएंगे।'