भोपाल: वन-विहार आज से नो एंट्री व्हीकल जोन घोषित, टू-व्हीलर, कार और बसों के प्रवेश पर प्रतिबंध

इस अवसर पर वन विहार की गोल्फ ई-कार्ट का फ्लैग ऑफ किया जाएगा गोल्फ कार्ट के अलावा सैर करने आए यात्रियों के लिए पैदल भ्रमण, साइकिल की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।

Publish: Oct 01, 2025, 02:38 PM IST

Photo Courtesy: Makdai Express24
Photo Courtesy: Makdai Express24

भोपाल। राजधानी भोपाल का वन-विहार आज यानी 1 अक्टूबर से ‘नो-व्हीकल’ जोन घोषित किया गया है। दरअसल राज्य सरकार ने वन संरक्षण के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए यह कदम उठाया है। आज से कार, टू-व्हीलर और बसों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। 

वन्यजीव सप्ताह 2025 का शुभारंभ मुख्यमंत्री मोहन यादव और वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री द्वारा किया जाएगा। इस अवसर पर वन विहार की गोल्फ ई-कार्ट का फ्लैग ऑफ किया जाएगा। दरअसल वन विहार में घूमने आने वाले टूरिस्ट कई बार अपनी गाड़ियों के हॉर्न तेज आवाज में बजाते हैं। इससे अन्य पर्यटकों के साथ जानवर भी परेशान होते हैं। इसलिए वन विहार प्रबंधन यह कदम उठाने जा रहा है।

यह भी पढ़ें: बच्चों पर अपराध में मध्य प्रदेश देश में नंबर-1, NCRB की रिपोर्ट में आत्महत्या के आंकड़े भी चौंकाने वाले

वन विहार की असिस्टेंट डायरेक्टर डॉ. रूही हक ने बताया कि वन विहार में भ्रमण के लिए 40 गोल्फ कार्ट का संचालन किया जाएगा। इन गोल्फ कार्ट में से 32 गोल्फ कार्ट हॉप ऑन, हॉप ऑफ पद्धति संचालन के लिए होंगे। वहीं गोल्फ कार्ट वाहन का संचालन दोनों गेट से 10 मिनट पर लगातार होगा। सभी व्यू पाइंट पर 30 सेकेंड से 1 मिनट के लिए रुकेंगे। इससे पर्यटकों को अपनी स्वेच्छानुसार व्यू पाइंट पर वन्यप्राणियों को देखने का पर्याप्त समय मिल सकेगा।

गोल्फ कार्ट के अलावा पैदल भ्रमण, साइकिल, शाकाहारी सफारी की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। इस बदलाव से वन विहार में पर्यटकों को सशुल्क 150 नई साइकिलें भी उपलब्ध कराएगा। जिससे वन विहार भ्रमण और सुगम बनेगा।