MP Monsoon : बीती रात भोपाल में 3.45 इंच हुई बारिश

गुरूवार शाम को भी बारिश के आसार

Publish: Jun 18, 2020, 07:17 PM IST

मध्य प्रदेश में मानसून ने जोरदार दस्तक दे दी है। प्रदेश में दक्षिणी-पश्चिमी मानसून लगातार सक्रिय है। इसके चलते पहली बारिश से ही एमपी के ज़्यादातर ज़िले तरबतर हो गए हैं। मौसम विभाग के अनुसार जून में हुई बारिश ने पिछले 4 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। जून में पिछले चार साल के मुकाबले सबसे ज़्यादा बारिश दर्ज हुई है। मौसम विभाग के अनुसार ग्वालियर-चंबल को छोड़कर सभी संभागों में  मानसून का इंतज़ार खत्म हो चुका है।

मध्य प्रदेश में इस साल मानसून तय समय से पहले आया है। वहीं भोपाल में 4 दिन पहले मानसूनी बारिश हुई है। बुधवार शाम भोपाल में जोरदार बारिश से मौसम सुहावना हो गया है। बुधवार शाम एक घंटे में 73.8 मिलीमीटर यानी 3 इंच पानी बरसा। वहीं देर रात तक 3.45 इंच बारिश दर्ज हुई। गौरतलब है कि जून माह में बारिश का कोटा 130.8 मिलीमीटर है, लेकिन इस साल अब तक 159.7 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है। यानी बीते 4 साल में जून में अब तक की सबसे ज्यादा बारिश हुई है. इस महीने में प्री मानसून एक्टिविटी के तहत ज्यादातर जिलों में झमाझम बारिश हुई। बुधवार को दिनभर करीब 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली। जिससे तापमान में 3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। गुरुवार को भी मौसम ऐसा ही रहने वाला है। सुहावना रहने औऱ शाम को तेज बारिश के आसार हैं।