मुरैना में रेत माफियाओं के हौसले बुलंद, पुलिस की घेराबंदी के बीच रेत से भरी ट्रैक्टर छुड़ा ले गए

वीडियो सामने आने पर विपक्षी दल कांग्रेस ने कहा कि खनिज माफियाओं को मिलने वाले सत्ता के संरक्षण से प्रदेश छलनी हो रहा है। मोहन सरकार की ढिलाई से अवैध खनन चरम पर है।

Updated: Feb 27, 2025, 06:33 PM IST

मुरैना। मध्य प्रदेश में रेत माफियाओं के हौसले बुलंद हैं। आलम ये है कि रेत माफिया प्रशासनिक अफसरों पर हमला करने से भी नहीं चूकते। मुरैना से एक ऐसा ही मामला सामने आया है। यहां पुलिस की घेराबंदी के बीच रेत माफिया ट्रॉली छुड़ा ले गए।

बेखौफ रेत माफिया का एक वीडियो भी सामने आया है। जिसमें देखा जा सकता है कि राजस्थान पुलिस के एक दर्जन जवानों के बीच से रेत माफिया ट्रैक्टर ट्राली लेकर भागने में सफल रहा। वीडियो में दिख रहा है कि पुलिसकर्मी लाठी से रेप माफिया को पीट रहे हैं इसके बावजूद वह ट्रैक्टर नहीं रोकता। 

यह भी पढे़ं: इंदौर में RSS के किसान मोर्चे का अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू, ट्रैक्टर-ट्रॉली के साथ कलेक्टोरेट पहुंचे

यह वीडियो मध्यप्रदेश-राजस्थान की सीमा पर धौलपुर के सागरपाडे का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम चंबल नदी के प्रतिबंधित क्षेत्र से अवैध खनन हो रहा था। राजस्थान की धौलपुर पुलिस ने रेत माफिया को रोकने का प्रयास किया। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक को जमकर लठ्ठ मारे।

इसके बाद चालक अवैध रेत से भरी हुई ट्रॉली को ट्रैक्टर से लेकर मध्य प्रदेश की ओर भागा। राजस्थान पुलिस आरोपी को पकड़ने में असफल रही। इस घटनाक्रम के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग 44 पर वाहनों का जाम लग गया था। एक राहगीर ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

वीडियो सामने आने पर मध्य प्रदेश कांग्रेस ने प्रतिक्रिया देते हुए ट्वीट किया, 'रेत माफियाओं के हौंसले कितने बुलंद है कि पुलिस की घेराबंदी और लाठियों के बीच से भी मुरैना में अवैध रेत से भरा ट्रैक्टर ले भागे। खनिज माफियाओं को मिलने वाले सत्ता के संरक्षण से प्रदेश छलनी हो रहा है। मोहन सरकार की ढिलाई से अवैध खनन चरम पर है।'