BJP ने प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को राजनीतिक स्वरूप दिया, यह दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है: कमलनाथ

भगवान राम हमेशा से हम सभी की आस्था का केंद्र रहे हैं, और हमेशा रहेंगे। इस पर राजनीति धार्मिक स्वतंत्रता और सनातनी परंपराओं के साथ खिलवाड़ है: कमलनाथ

Updated: Jan 22, 2024, 04:01 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने राम मंदिर निर्माण पर हुए आयोजन को राजनीतिक मंच बनाने का आरोप लगाते हुए इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। उन्होंने कहा है कि राम मंदिर पर राजनीति धार्मिक स्वतंत्रता और सनातनी परंपराओं के साथ खिलवाड़ है।

कमलनाथ ने वीडियो संदेश जारी कर ट्वीट किया, 'जब अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण प्रारंभ हुआ था, तब मैंने वीडियो संदेश के माध्यम से इसका स्वागत किया था और देशवासियों को इस बहुप्रतिक्षित कार्यक्रम की बधाई दी थी। अयोध्या में भगवान राम के मंदिर का निर्माण सुप्रीम कोर्ट के आदेश से हो रहा है। चूँकि वर्तमान में केन्द्र व राज्य में बीजेपी की सरकार है, इसलिए सुप्रीम कोर्ट के आदेश के पालन का दायित्व बीजेपी सरकार पर है।'

कमलनाथ ने आगे लिखा, 'बीजेपी ने जिस तरह से इस कार्यक्रम को राजनीतिक स्वरूप दिया है और धर्म को राजनीतिक मंच पर लाने का प्रयास किया वह दुर्भाग्यपूर्ण है, दुखद है। भगवान राम हमेशा से हम सभी की आस्था का केंद्र रहे हैं, और हमेशा रहेंगे। इस पर राजनीति धार्मिक स्वतंत्रता और सनातनी परंपराओं के साथ खिलवाड़ है।'

पूर्व सीएम ने आगे लिखा, 'आज हम सबके अराध्य प्रभु राम की प्राण प्रतिष्ठा के पावन अवसर पर मैं पुनः देशवासियों को बधाई देता हूँ और प्रभु राम के चरणों में नमन करते हुये देशवासियों की समृद्धि और ख़ुशहाली की कामना करता हूँ। प्रभु राम सभी का कल्याण करें, सभी को निरोगी रखें, सभी की मनोकामना पूर्ण करें और देश में अमन-चैन और भाईचारे की रक्षा करें।'