हार का मुंह सामने देखकर भाजपा बौखलाई हुई है, कांग्रेस प्रभारी सुरजेवाला का शिवराज सरकार पर हमला

कांग्रेस के प्रभारी महासचिव रणदीप सुरजेवाला ने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि गोडसे के उत्तराधिकारी अब महात्मा गांधी की बात करते हैं।

Updated: Sep 15, 2023, 07:29 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर आरोप-प्रत्यारोप का दौर लगातार जारी है। कांग्रेस के प्रभारी महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने शुक्रवार को भाजपा पर करारा हमला बोला। सुरजेवाला ने कहा कि हार का मुंह सामने देखकर भाजपा बौखलाई हुई है। वहीं, पीएम मोदी के बयान पर पलटवार करते हुए कांग्रेस महासचिव ने कहा कि गोडसे के उत्तराधिकारी अब महात्मा गांधी की बात करते हैं।

मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने मध्य प्रदेश में कांग्रेस की जन आक्रोश यात्रा के रूट मैप को लेकर पीसीसी में सभी जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी और AICC द्वारा नियुक्त प्रभारियों की बैठक ली। बैठक के बाद उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए भाजपा और सिंधिया पर करारा हमला बोला। उन्होंने कहा कि BJP में ज्योतिरादित्य सिंधिया की सिर फुटौव्वल सभी हर रोज देख रहे हैं। सिंधिया को कहा जाता है कि आप ग्वालियर-चंबल में मत जाइएगा। वहां जूते बजेंगे।

सुरजेवाला ने कहा, 'राकेश सिंह को यात्रा का प्रभारी बनाकर 3 दिन से मंच पर चढ़ने की इजाजत नहीं दी जा रही है। वीडी शर्मा को बैरियर से कूदकर स्टेज तक आने की जहमत करनी पड़ रही है। इनके नेता किस तरह से अपमानित हो रहे हैं। क्या यह नहीं दर्शाता कि भारतीय जनता पार्टी हार का मुंह सामने देखकर बौखलाई हुई है। उसका इससे बड़ा सबूत क्या हो सकता है कि मई 2011 में शिवराज सिंह चौहान ने डॉ. मनमोहन सिंह के साथ बीना रिफाइनरी के 12 हजार करोड़ के निर्माण और उद्घाटन में हिस्सा लिया हो और अब वह दोबारा कसीदे पढ़ रहे हैं। उसमें एक नई मशीन लगाओगे तो जनता का करोड़ों रुपया खर्च कर दोगे।'

सुरजेवाला ने सीएम चौहान पर निशाना साधते हुए कहा, 'आज का समाचार पत्र कह रहा है कि मध्य प्रदेश पर जीडीपी का 34% कर्ज हो गया है। शिवराज झूठे हैं, वे एक महीने में 3000 घोषणाएं कर चुके हैं। उनकी कोई घोषणा लागू नहीं होने वाली और न ही वे लागू कर सकते हैं। उन्हें मालूम है कि झूठ बोलो और झूठ बोलो, बार-बार झूठ बोलो। वे झूठ बोलकर लोगों को बरगला रहे हैं, लेकिन क्या वे मध्य प्रदेश के साढे़ आठ करोड़ लोगों को नासमझ मानते हैं। शिवराज जी वोट नहीं, माफी मांगो।'

कांग्रेस प्रभारी ने पीएम मोदी के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि, 'जिन लोगों के पूर्वज असल में गोडसे के उत्तराधिकारी हैं, वे महात्मा गांधी की बात करते हैं। कांग्रेस का इतिहास यह रहा है कि हमने भारत के लिए हमेशा सीने पर गोली खाई है। महात्मा गांधी, इंदिरा गांधी हों चाहे राजीव गांधी। यही नहीं हमारे मुख्यमंत्री चाहे वे पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री सरदार बेअंत सिंह, छत्तीसगढ़ के विद्या चरण शुक्ल, नंदकुमार पटेल जैसा लंबा इतिहास है.. इन्होंने इस देश को अपने खून से सींचने का काम किया।'